तेलंगाना में राजनाथ ने KCR पर साधा निशाना, बोले- BRS सरकार में भ्रष्टाचार का बोलबाला

शुक्रवार, 24 नवंबर 2023 (18:53 IST)
Rajnath Singh targets KCR in Telangana : रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कथित भ्रष्टाचार और परिवारवाद को लेकर तेलंगाना में के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली भारत राष्ट्र समिति (BRS) सरकार पर हमला करते हुए दावा किया कि भाजपा शासित राज्यों में कोई भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकता। उन्होंने दावा किया कि आजादी के बाद शायद ही कोई कांग्रेस सरकार रही होगी, जिस पर भ्रष्टाचार के आरोप न लगे हों।
 
सिंह ने मेडचल में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया, बीआरएस सरकार बनने के बाद, तेलंगाना में भ्रष्टाचार तेजी से बढ़ गया। आप देख रहे होंगे कि इस सरकार के खिलाफ जांच भी चल रही है। उनके (केसीआर) परिवार के सदस्यों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप हैं। उन्होंने दावा किया कि देश में भाजपा शासित किसी भी राज्य सरकार पर कोई भ्रष्टाचार के आरोप की उंगली नहीं उठा सकता।
 
सिंह ने दावा किया, हम सभी और तेलंगाना के लोग ‘राज्य प्रथम’ कहते हैं लेकिन बीआरएस कहता है ‘परिवार प्रथम’। मैं बताना चाहता हूं कि अगर भाजपा यहां (तेलंगाना में) अपनी सरकार बनाती है, तो यहां ‘परिवार प्रथम’ नहीं, बल्कि ‘तेलंगाना प्रथम’ होगा।
 
उन्होंने दावा किया कि आजादी के बाद शायद ही कोई कांग्रेस सरकार रही होगी, जिस पर भ्रष्टाचार के आरोप न लगे हों, यहां तक कि उनके मंत्रियों को भ्रष्टाचार के आरोप में जेल तक जाना पड़ा। सिंह ने कहा, आपने अटल बिहारी वाजपेयी सरकार का कार्यकाल देखा है और अब नरेंद्र मोदी सरकार पिछले नौ वर्षों से सत्ता में है।
 
सिंह ने कहा, कोई भी भाजपा के किसी भी मंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा सकता और न ही किसी मंत्री को जेल जाना पड़ा है। रक्षामंत्री ने मुख्यमंत्री केसीआर पर तेलंगाना के लोगों से किए गए वादे पूरे नहीं करने का भी आरोप लगाया। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी