LOC पर फॉरवर्ड पोस्ट पर पहुंचे राजनाथ, कहा- जांबाज सैनिकों पर गर्व

शनिवार, 18 जुलाई 2020 (15:12 IST)
श्रीनगर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू कश्मीर के केरन सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट एक अहम अग्रिम चौकी का शनिवार को दौरा किया।
 
रक्षा मंत्री के साथ प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत और सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे नॉर्थ हिल चौकी पहुंचे जहां वरिष्ठ अधिकारियों ने सीमा पर हालात के संबंध में उन्हें जानकारी दी।
 
सिंह ने सैनिकों के साथ बातचीत की तस्वीर पोस्ट करते हुए ट्वीट किया, 'जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में एलओसी के निकट एक अग्रिम चौकी का आज दौरा किया और वहां तैनात सैनिकों से बातचीत की। हमें हर हालात में देश की रक्षा करने वाले इन बहादुर और जाबांज सैनिकों पर गर्व है।'
 
इससे पहले रक्षा मंत्री ने सुबह अमरनाथ गुफा मंदिर में जाकर पूजा अर्चना की थी। उन्होंने जम्मू कश्मीर के दौरे के दूसरे दिन अमरनाथ गुफा के दर्शन किए।
 
अधिकारियों ने बताया कि रक्षा मंत्री ने शुक्रवार को जम्मू कश्मीर में शीर्ष सैन्य अधिकारियों के साथ सुरक्षा हालात की समीक्षा की थी। उन्होंने सशस्त्र बलों से पाकिस्तान के किसी भी दुस्साहस का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए कहा।
 

जो बोले सो निहाल... pic.twitter.com/PK578l7Mon

— Rajnath Singh (@rajnathsingh) July 18, 2020
उच्च स्तरीय बैठक में रक्षा मंत्री ने सशस्त्र बलों से पाकिस्तान के साथ लगती नियंत्रण रेखा पर कड़ी निगरानी रखने के लिए भी कहा। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी