IS को रोकने के लिए राम मंदिर का निर्माण जरूरी : प्रवीण तोगड़िया

रविवार, 27 दिसंबर 2015 (16:04 IST)
नई दिल्ली। विश्व हिन्दू परिषद के नेता प्रवीण तोगड़िया ने भारत में आतंकवादी संगठन आईएसआईएस का प्रचार-प्रसार को रोकने के लिए राम मंदिर के निर्माण को जरूरी बताया है। 
तोगड़िया ने कहा कि आईएसआईएस के झंडे को रोकने और देश को सीरिया बनने से रोकने के लिए राम मंदिर का बनना जरूरी है। तोगड़िया का कहना है कि इससे विचारधारा परास्त होगी और देश का आर्थिक विकास भी होगा।
 
जबलपुर में विश्व हिन्दू परिषद् की राष्ट्रीय कार्यकारणी की बैठक में हुए शामिल होने पहुंचे प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि राम मंदिर बनाने का एक ही रास्ता है और वो यह कि संसद में मंदिर निर्माण के लिए कानून बनाया जाए। जिस दिन राम मंदिर बनवाने का कानून बनकर पास हो जाएगा, उस दिन से वो खुद मोदी की विजय के लिए झंडा लेकर घूमना शुरू कर देंगे।
 
वहीं देश में हिन्दुओं की स्थिति पर भी तोगड़िया ने टिप्पणी करते हुए उन्हें सबसे ज्यादा उपेक्षित बताया। उन्होंने कहा कि एक हिन्दू की इस हिन्दुस्तान में सुनने वाला कोई नहीं है। तोगड़िया कहा कि आईएसआईएस का देश में उभार रोकने के लिए राम मंदिर निर्माण जरुरी है।
 
उल्लेखनीय है कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए पत्थर तराशने के बाद राजनीति गर्म हुई तो मुस्लिम समुदाय भी मुकाबले में उतरा था और कहा कि अगर राम मंदिर के लिए पत्थर तराशे जाएंगे तो मुस्लिम समुदाय भी बाबरी मस्जिद के लिए पत्थर तराशेगा।

वेबदुनिया पर पढ़ें