'राम सेतु' का मुद्दा हल होने के करीब: गडकरी

शनिवार, 22 नवंबर 2014 (08:19 IST)
नई दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को संकेत दिया कि सरकार ने ‘रामसेतु’ को तोड़े बिना सेतुसमुद्रम परियोजना को लागू करने के समाधान को लगभग अंतिम रूप दे दिया है।
 
यहां विश्व हिंदू कांग्रेस में आये लोगों को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि हमारे पास 4-5 विकल्प हैं और हमने तय कर लिया है कि समाधान क्या होगा। मामला उच्च न्यायालय में है, इसलिए इस विषय पर अधिक बोलना उचित नहीं होगा।
 
उन्होंने कहा कि रामसेतु को तोड़ने का सवाल ही नहीं उठता जिसे भगवान राम के लंका पहुंचने के लिए बनाया गया पुरातनकालीन सेतु माना जाता है। मंत्री ने कहा कि परियोजना की लागत को ध्यान में रखते हुए विकल्पों पर अध्ययन किया गया है। तमिलनाडु सरकार ने इस आधार पर परियोजना का विरोध किया है कि इससे मछुआरों का जीवन प्रभावित होगा। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें