उज्जैन (मप्र)। वर्ष 2008 के मालेगांव बम विस्फोट मामले में एनआईए द्वारा हाल ही आरोप मुक्त की गई साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने आज यहां अपनी दो दिन पुरानी भूख हड़ताल विश्व हिन्दू परिषद के वंदेमातरम आश्रम में एक बच्चे के हाथ से फलों का रस पीकर तोड़ दी। हड़ताल तोड़ने के बाद उन्होंने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को 'ड्रामेबाज' बताते हुए कहा कि वे निर्दोष हैं।
इस प्राचीन शहर में साध्वी प्रज्ञा आज शाम को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच भोपाल से सड़क मार्ग के जरिए पहुंची हैं। उल्लेखनीय है कि देवास जिला अदालत ने कल ही साध्वी प्रज्ञा के वकील की दलील पर संबंधित अधिकारियों को उनके (प्रज्ञा) क्षिप्रा नदी में नहाने को लेकर 21 मई तक कुंभ समाप्त होने से पहले व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए थे।
इस समय प्रज्ञा ठाकुर न्यायिक हिरासत में हैं और भोपाल के आयुर्वेदिक अस्पताल में इलाज करा रही हैं। एनआई ने मालेगांव विस्फोट प्रकरण में साध्वी प्रज्ञा और पांच अन्य के खिलाफ आरोप वापस लेने के साथ ही कठोर मकोका कानून को भी सभी दस आरोपियों से हटा लिया था, जिसमें लेफ्टिनेंट कर्नल श्रीकांत पुरोहित भी शामिल थे।