Weather Updates: दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड, तमिलनाडु और केरल में बारिश की आशंका

गुरुवार, 21 दिसंबर 2023 (08:46 IST)
Weather Updates: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार पहाड़ों पर हो रही लगातार बर्फबारी से राजधानी दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में ठिठुरन (cold) बढ़ने वाली है। गुरुवार को औसतन न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है यह आज सुबह 5 बजे 7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। तमिलनाडु और केरल (Tamil Nadu and Kerala) में बारिश की संभावना है।
 
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में हो रही बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में गलन और ठंड बढ़ रही है। राजधानी दिल्ली में गुरुवार को बादल छाए रहेंगे जिसके चलते धूप बहुत हल्की होगी। इससे न्यूतम तापमान में और गिरावट आएगी। मैदानी इलाकों में तेजी से ठंड दस्तक दे रही है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 10 दिनों तक हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा जबकि दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में शीतलहर का प्रकोप रहेगा।
 
तमिलनाडु और केरल में 1 या 2 स्थानों पर हल्की बारिश संभव है। भारत के गंगा के मैदानी इलाकों में मध्यम से घना कोहरा संभव है। बिहार, ओडिशा, मेघालय और त्रिपुरा में मध्यम से हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान है। पिछले कुछ दिनों से लगातार पश्चिमी विक्षोभ की आमद हो रही है।
 
यूपी में आज से बदलेगा मौसम का मिजाज : उत्तरप्रदेश में आज गुरुवार से मौसम बदलने का पूर्वानुमान लखनऊ मौसम केंद्र ने जारी किया है। गुरुवार को पूरब से लेकर पश्चिम तक घना कोहरा छाएगा, बर्फीली हवाएं चलेंगी जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी। यही नहीं, दिन में निकलने वाली धूप का प्रभाव भी एकदम कम हो जाएगा यानी धूप और छांव का खेल शुरू होगा।
 
लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि बीते मंगलवार को ही लखनऊ में बर्फीली हवाओं का असर रहा। इन बर्फीली हवाओं का असर प्रदेशभर में देखा गया जिस वजह से दिन के वक्त भी लोगों को सर्दी का काफी एहसास हुआ है। उन्होंने बताया कि बुधवार से ही धूप और छांव का खेल शुरू हो गया था और अब गुरुवार से मौसम एकदम से बदलने का पूर्वानुमान है जिससे ठंड और बढ़ेगी यह कहा जा सकता है।
 
मध्यप्रदेश में आएगा मौसम में बदलाव : मध्यप्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। कोई मजबूत मौसम प्रणाली के सक्रिय न होने के चलते मौसम शुष्क बना हुआ है, वहीं उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आ रही है और ठंड के तेवर भी सख्त होते जा रहे है। फिलहाल 3-4 दिनों तक मौसम के यू हीं बने रहने के आसार है।
 
एमपी मौसम विभाग के मुताबिक आज ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, रीवा, उमरिया, जबलपुर, सागर के साथ इंदौर उज्जैन संभाग के जिलों में तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। वही ग्वालियर, दतिया, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में हल्का कोहरा छाने का अनुमान है।अगले हफ्ते से सर्दी और बढ़ने का अनुमान है, दिसंबर अंत तक प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर चल सकती है।
 
मध्यप्रदेश मौसम विभाग के अनुसार इसके साथ ही 23 और 24 दिसंबर को प्रदेश के कई जगहों पर हल्की बारिश और बूंदाबांदी भी हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 20 से 31 दिसंबर तक प्रदेश में तेज ठंड पड़ने के आसार हैं। इस दौरान उत्तर भारत की तरफ से आ रही हवा की रफ्तार 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़कर 10-15 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। आने वाले कुछ दिन तक दिन का तापमान बढ़ेगा और रात के तापमान में गिरावट आएगी।
 
कैसा रहेगा आज का मौसम? : स्काईमेट वेदर (skymet weather) के अनुसार आज गुरुवार को लक्षद्वीप में गरज के साथ छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। लक्षद्वीप के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। यह समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। 22 दिसंबर से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय के पास पहुंचने की संभावना है। तमिलनाडु और केरल में 1 या 2 स्थानों पर हल्की बारिश संभव है। भारत के गंगा के मैदानी इलाकों में मध्यम से घना कोहरा संभव है। बिहार, ओडिशा, मेघालय और त्रिपुरा में मध्यम से हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी