महिला विधायकों से ट्रैक्टर खिंचवाने के मामले में ईरानी ने साधा कांग्रेस पर निशाना

गुरुवार, 11 मार्च 2021 (20:53 IST)
नई दिल्ली। हरियाणा में पेट्रोल-डीजल के बढ़े मूल्यों के खिलाफ पिछले दिनों एक विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के एक ट्रैक्टर पर बैठने और उसे महिलाओं द्वारा खींचे जाने के मामले में भाजपा ने गुरुवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि विपक्षी दल ने ऐसा करके महिलाओं के साथ बंधुआ मजदूर जैसा व्यवहार किया है।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि यह बहुत चौंकाने वाला था कि पूर्व मुख्यमंत्री ट्रैक्टर पर बैठे हुए हैं और उनकी पार्टी की महिला सदस्य उसे खींच रही हैं। उन्होंने कहा, वह प्रदर्शन करना चाहते हैं, यह मैं समझ सकती हूं। मैं समझ सकती हूं कि वह एक राजनीतिक संदेश देना चाहते हैं, लेकिन क्या यह किसी महिला के एवज में किया जा सकता है।

क्या राजनीतिक दलों में खासकर कांग्रेस के प्रदर्शन में जो हमने देखा, महिलाओं के साथ बंधुआ मजदूरों की तरह व्यवहार किया जा सकता है। यह आश्चर्यजनक है कि वहां मौजूद कांग्रेस के किसी भी पुरुष सदस्य ने हस्तक्षेप नहीं किया।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को आड़े हाथों लेते हुए ईरानी ने कहा कि इस मामले में उनकी चुप्पी दर्शाती है कि उनकी पार्टी में महिलाओं को ऐसा काम दिया जाता है, जिसे उसके पुरुष सदस्य भी करने को तैयार नहीं होते।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर द्वारा राज्य विधानसभा में इस मामले में रोष जताए जाने का उल्लेख करते हुए ईरानी ने कहा कि एक तरफ जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं में उद्यमिता को प्रोत्साहित करने का आह्वान करते हैं तो दूसरी तरफ हुड्डा उनका स्तर गिराते हैं और और उन्हें ट्रैक्टर खींचने को मजबूर करते हैं जिस पर वह खुद बैठे होते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को खुद इस मामले को संज्ञान में लेकर कर्रवाई करनी चाहिए। ज्ञात हो कि इस घटना का विधानसभा में उल्लेख करते हुए खट्टर भावुक हो गए थे और कहा कि यह दृश्य देखने के बाद वह उस रात सो नहीं सके थे।

हुड्डा ने इस मामले में अपना बचाव करते हुए कहा था कि यह महिलाएं ही हैं जो रसोई गैस व ईंधन की मूल्यों से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि भाजपा सरकार महिलाओं के प्रति असंवेदनशील है और महिलाओं के दर्द को नजरअंदाज कर रही है।(भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी