ऐसी है रैपर डिवाइन के संघर्ष की कहानी जिसने राहुल गांधी के लिए इंदौर के चिमन बाग में किया परफॉर्म

सोमवार, 28 नवंबर 2022 (12:56 IST)
रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की यात्रा इंदौर पहुंची। यहां उन्‍होंने राजवाडा पर इंदौर के नागरिकों को संबोधित किया। रविवार की ही शाम को राहुल गांधी ने एक कार्यक्रम में हिस्‍सा लिया, जिसमें बहुत लोकप्रिय भारतीय रैपर डिवाइन यानी विवियन फर्नांडिस ने परफॉर्म किया था। इस आयोजन के बाद रैपर डिवाइन की भी जमकर चर्चा हो रही है। आइए जानते हैं आखिर कौन है रैपर डिवाइन और क्‍या है इतने लोकप्रिय।

आज पॉप, हिपहॉप और रैप की दुनिया में डिवाइन को हर कोई जानता है, लेकिन एक दौर था जब उनका बचपन बेहद संघर्षों में गुजरा था। पिता ने बचपन में ही परिवार त्‍याग दिया, जिसके चलते मां का अपने दो बच्‍चों को छोड़कर रोजी रोटी के लिए कतर जाना पड़ा। लेकिन आज डिवाइन एक बेहद पॉपुलर रैप सिंगर हैं।

विवियन फर्नांडिस एक भारतीय रैपर हैं। उनका उपनाम डिवाइन है। वह 2013 में रिलीज़ हुए अपने डेब्यू ट्रैक ‘ये मेरा बॉम्बे’ के साथ पूरे मुंबई में प्रसिद्ध हो गए। विवियन फर्नांडीस का जन्म 2 अक्टूबर 1990 को मुंबई हुआ था। वे करीब 33 साल के हैं। दिलचस्‍प बात है कि उनका बचपन बेहद सामान्‍य परिवार में मुंबई के अंधेरी में जेबी नगर की चाल में बीता।

उन्‍होंने सेंट जॉन द इवेंजेलिस्ट हाई स्कूल पढ़ाई की। जबकि आरडी नेशनल कॉलेज, मुंबई से स्नातक किया। हालांकि बचपन से ही डिवाइन का झुकाव सिंगिंग की तरफ था। जब वे 11वीं कक्षा में थे तब उन्होंने रैप लिखना शुरू कर दिया था। मशहूर रैपर एमिनेम और 50 सेंट से प्रेरित होकर विवियन ने अंग्रेजी रैप से शुरुआत की थी, लेकिन बाद में हिंदी भाषा में रैप में शिफ्ट हो गए। वह अपनी मां के साथ मरोल के एक चर्च में जाया करते थे, जहां वह शांतिपूर्ण माहौल में रैप म्‍युजिक की प्रैक्‍टिस करते थे।

विवियन के पिता स्वभाव से बहुत गुस्‍सैल थे, जब विवियन छोटा था तभी उन्‍होंने परिवार को छोड़ दिया था। इसके बाद विवियन की मां रोजी रोटी के लिए अरब के कतर चली गईं। तब उन्‍होंने अपने दो बच्चों को दादी के पास छोड़ दिया था। विवियन का एक बड़ा भाई, एंथनी फर्नांडीस है, जो अपनी मां के साथ कतर चला गया था।
Edited by navin rangiyal

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी