बड़ी खबर! कानपुर में फिर पटरी से उतरी ट्रेन

बुधवार, 28 दिसंबर 2016 (07:18 IST)
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात के रुरा क्षेत्र में बुधवार सुबह अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस के 15 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गए और 60 से अधिक घायल हो गए।
 
 
केन्द्रीय मध्य रेलवे के इलाहाबाद मंडल में हुए इस हादसे में दो लोगों की मृत्यु हो गई है। कानपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक जकी अहमद ने दो लोगों की मृत्यु की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कानपुर से करीब 40 किलोमीटर दूर हुए इस हादसे के बाद दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग बाधित हो गया है।
 
इटावा और कानपुर के बीच स्थित रुरा के पास हुए करीब पांच बजकर 20 मिनट पर हुए इस हादसे में घायल लोगों को पहले तो स्थानीय लोगों ने मदद की। उन्हें ट्रेन से बाहर निकाला। इसके बाद रेल और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारियों ने उनकी मदद की।
 
गनीमत रही कि डिब्बे पटरी से उतरे लेकिन एक-दूसरे पर चढ़े नहीं। रेल अधिकारियों के अनुसार डिब्बे एक-दूसरे पर चढ़ गए होते तो मृतकों की संख्या काफी बढ़ जाती। सियालदह से अजमेर जा रही ट्रेन संख्या 12987 के दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। रेलवे सूत्रों ने बताया कि इसकी जांच रेल संरक्षा आयुक्त से कराई जाएगी।

इस बीच, रेलवे प्रवक्ता अनिल सक्सेना ने बताया कि स्थानीय पुलिस और आसपास के ग्रामीणो के अलावा रेलवे के स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंच गए  हैंं और घायलों को स्थानीय अस्पतालो में उपचार के लिए भेजा जा रहा है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर है इस हादसे के कारण हावड़ा-दिल्ली रेल खंड पर ट्रेन यातायात रोक दिया गया है।
 
उन्होंने बताया कि कुछ ट्रेनों को कानपुर और कुछ को इटावा में रोक दिया गया है। कुछ ट्रेनों को मार्ग परिवर्तन कर चलाया जा रहा है।
 
उन्होंने बताया कि कानपुर से करीब 40 किलोमीटर दूर यह हादसा हुआ है। हादसे के समय ट्रेन की रफ्तार कम थी। हादसे के कारण का पता नहीं चल सका है।

दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन से यात्रा कर रहे राजेश कुमार ने बताया कि सुबह करीब सवा पांच बजे अचानक बहुत तेज आवाज हुई। पल भर में पता चल गया कि ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। हादसा होते ही ट्रेन में कोहराम मच गया। यात्री इधर-उधर भागने लगे। महिलाओं और बच्चों के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनी गई।
 
राजेश कुमार के अनुसार 15 डिब्बे पटरी से उतरे हैं। इनमें 13 स्लीपर और दो सामान्य डिब्बे थे। उसके अनुसार दुर्घटनास्थल के पास स्थित छोटी नहर में भी दो डिब्बे गिर गए थे। उन डिब्बों के यात्रियों को चोटें आईं।
 
इस बीच, रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने ट्वीट कर कहा, 'मैं स्थिति पर नजर रख रहा हूं। मैने अधिकारियों को दुर्घटनस्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया है। घायलों को चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। बचाव और राहत सुनिश्चित करने के लिए सभी संसाधन जुटाये जा रहे हैं।'
 
गौरतलब है कि गत 19 नवंबर को कानपुर देहात के पुखरायां के पास इंदौर-पटना एक्सप्रेस हादसे में 130 से अधिक लोगों की मृत्यु हो गई थी।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें