उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के साथ सड़क हादसे पर प्रियंका ने जताई हैरानी, बोली- आरोपी अब तक BJP में क्यों है

सोमवार, 29 जुलाई 2019 (11:45 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उन्‍नाव दुष्‍कर्म पीड़िता के साथ रविवार को हुए सड़क हादसे पर हैरानी जताते हुए मामले का संज्ञान लिया।

सड़क दुर्घटना में घायल हुई पीड़िता को लेकर चिंता जताते हुए प्रियंका ने मामले की जांच पर भी सवाल उठाया। उन्होंने इस मामले पर ट्‍वीट भी किया।
 
प्रियंका ने अपने ट्‍वीट में कहा कि ‘बलात्कार पीड़िता के साथ सड़क दुर्घटना का हादसा चौंकाने वाला है। इस केस में चल रही CBI जांच कहां तक पहुंची? आरोपी विधायक अभी तक भाजपा में क्यों हैं? पीड़िता और गवाहों की सुरक्षा में ढिलाई क्यों? इन सवालों के जवाब बिना क्या भाजपा सरकार से न्याय की कोई उम्मीद की जा सकती है?’
 
उन्नाव के माखी के चर्चित दुष्कर्म मामले की पीड़िता की कार रविवार को रायबरेली में एक ट्रक से टकरा गई। इस सड़क हादसे में भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली पीड़िता की चाची-मौसी की मौत हो गई। सड़क हादसे में पीड़िता समेत तीन लोग जख्मी हो गए, जिन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया, जहां एक और महिला की मौत हो गई है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी