सरकार का होली पर बड़ा तोहफा, मुफ्त मिलेगा रसोई गैस सिलेंडर

मंगलवार, 15 मार्च 2022 (12:50 IST)
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार होली पर कई परिवारों को बड़ा तोहफा देने जा रही है। बताया जा रहा है कि विधानसभा चुनाव जीतने के बाद योगी सरकार उज्जवला योजना के तहत डेढ़ करोड़ से ज्यादा परिवारों को मुफ्त गैस सिलेंडर उपलब्ध करवा सकती है। 
 
यूपी में उज्ज्वला योजना के 1.65 करोड़ लाभार्थी हैं। यदि सरकार होली पर मुफ्त सिलेंडर उपलब्ध करवाती है तो 3000 करोड़ का अतिरिक्त भार आएगा। हालांकि यूपी का यह फैसला अचानक नहीं लिया गया है। 
 
भाजपा ने विधानसभा चुनाव के अपने संकल्प पत्र में उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को होली और दीवाली पर निशुल्क सिलेंडर देने का ऐलान किया था। ऐसे में चुनाव के बाद पहली होली पर यूपी की भाजपा सरकार (अभी नई सरकार का गठन बाकी है) अपनी घोषणा के अनुरूप मुफ्त सिलेंडर उपलब्ध करवा सकती है। 
 
जानकारी के मुताबिक खाद्य व रसद विभाग ने सोमवार को अपना प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिलने के बाद वित्त विभाग द्वारा बजट जारी किया जाएगा और जिलों में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए जाएंगे। 
 
मुफ्त राशन योजना भी आगे बढ़ेगी : यह भी जानकारी सामने आ रही है कि यूपी सरकार निशुल्क राशन योजना को भी आगे बढ़ाने जा रही है। इसके लिए विभाग से प्रस्ताव भी मांगा गया है। निशुल्क राशन की व्यवस्था इसी माह खत्म हो रही है। 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी