विक्की मेरा पति नहीं सिर्फ दोस्त : ममता कुलकर्णी

शनिवार, 30 अप्रैल 2016 (09:08 IST)
नई दिल्ली। मायानगरी मुंबई से सटे ठाणे पुलिस बॉलीवुड की अभिनेत्री ममता कुलकर्णी की तलाश में है और उनसे पूछताछ करना चाहती है। ममता के पति का नाम दो हजार करोड़ की ड्रग्स तस्करी में सामने आया है। इसके बाद ठाणे क्राइम ब्रांच ड्रग्स तस्करों से उनके रिश्तों के बारे में पूछताछ करना चाहती है। 
पुलिस को उम्मीद है कि ममता से पूछताछ के बाद उनके पति विक्की गोस्वामी के हजारों करोडों की ड्रग तस्करी और ड्रग के कारोबार का खुलासा हो सकता है। आपको बता दें मुंबई से सटे ठाणे में हजारों करोड़ की ड्रग्स तस्करी में ममता के पति विक्की का नाम सामने आया है।
 
एक जमाने तक जवां दिलों की धड़कन रही ममता कुलकर्णी अब बॉलीवुड की चमक दमक से दूर जा चुकी हैं। लेकिन नशे की दुनिया में उनका नाम कई बार सुर्खियों में आ चुका है। मुंबई से सटे ठाणे से पकड़ी गई हजारों करोड़ रुपए की नशे की खेप का लिंक सोलापुर और गुजरात होते हुए अफ्रीकी देश केन्या से जुड़ा तो ममता कुलकर्णी का नाम भी लिया जाने लगा। 
 
पुलिस को जांच में पता चला कि पकड़े गए नशे के सौदागर केन्या में अंतरराष्ट्रीय ड्रग माफिया विक्की गोस्वामी से भी कई बार मिले थे। विक्की गोस्वामी को ममता कुलकर्णी का पति कहा जाता है, लेकिन जब एक न्यूज चैनल ने ममता से बात कर इन आरोपों पर जवाब मांगा तो उन्होंने चौंकाने वाला जवाब दिया। 
 
ममता कुलकर्णी का कहना है कि विवेक उनके पति नहीं हैं बल्कि सिर्फ दोस्त हैं। लेकिन जहां तक हमें जानकारी है ममता कुलकर्णी ने विक्की गोस्वामी से दुबई में उस वक्त शादी की थी जब वह जेल में बंद था। और शादी के बाद ही विक्की दुबई की जेल से रिहा हो पाया था। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें