सोनिया गांधी को वायरल संक्रमण, गंगाराम अस्पताल में भर्ती

बुधवार, 4 जनवरी 2023 (18:40 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को वायरल श्वसन संक्रमण के कारण बुधवार को गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।अस्पताल में भर्ती कराने के समय सोनिया गांधी की पुत्री प्रियंका गांधी वाड्रा उनके साथ थीं।

सूत्रों ने यह जानकारी दी है। अस्पताल में भर्ती कराने के समय सोनिया गांधी की पुत्री प्रियंका गांधी वाड्रा उनके साथ थीं। अस्पताल के प्रबंधन बोर्ड के प्रमुख डॉक्टर अजय स्वरूप ने एक बयान में कहा, सोनिया गांधी जी को हमारे अस्पताल में आज भर्ती कराया गया। वह ‘चेस्ट मेडिसीन’ विभाग में डॉक्टर अरूप बसु और उनकी टीम की निगरानी में भर्ती हैं।

उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी के वायरल श्वसन संक्रमण का उपचार किया जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि सोनिया गांधी की तबियत मंगलवार से खराब थी जिस कारण राहुल गांधी और प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के प्रवेश करने पर सात किलोमीटर चलने के बाद मंगलवार शाम दिल्ली लौट आए थे।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ आज सुबह छह बजे बागपत के मवीकलां से फिर शुरू हुई। हालांकि प्रियंका गांधी बुधवार को राहुल गांधी के साथ पदयात्रा में शामिल नहीं हुईं।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी