ओडिशा का बौध शहर देश का सबसे गर्म स्थान : भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, ओडिशा का बौध शहर सोमवार को लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ओडिशा का बरगढ़ देश का दूसरा सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि आंध्र प्रदेश के कुरनूल में 41.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि ओडिशा के कुछ क्षेत्रों में 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान दर्ज किया गया, जहां अंगुल में 40.7, टिटलागढ़ में 40.5 और मलकानगिरी में 40.2 तापमान रहा। राज्य के झारसुगुडा, बोलांगीर, संबलपुर, सोनपुर, तालचेर, भवानीपटना, हीराकुंड, सुंदरगढ़ और खुर्दा में अधिकतम तापमान 39 और 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग ने ओडिशा के छह जिलों के लिए मंगलवार को लू की चेतावनी जारी की है।
19-20 मार्च के बीच हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के मध्य और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ सकती है। आने वाले 5-6 दिनों में तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।