Weather Update : देश के कई राज्यों बारिश और बाढ़ से हाहाकार मचा हुआ है। पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली में बाढ़, बारिश और भूस्खलन से लोगों का हाल बेहाल है। दशकों में आई सबसे भीषण बाढ़ का सामना कर रहे पंजाब में अब तक 46 लोगों की मौत हो चुकी है। सैकड़ों हैक्टेयर में खड़ी फसले भी तबाह हो गई। भारी बारिश के कारण 270 किलोमीटर लंबे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल करने के प्रयास नाकाम हो गए। यह प्रमुख सड़क लगातार पांचवें दिन भी बंद रही। मौसम विभाग ने 23 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पंजाब में बाढ़ से हाहाकार : पंजाब के 23 जिलों के 1,996 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। विनाशकारी बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 46 हो गई है, जबकि 1.75 लाख हेक्टेयर भूमि पर खड़ी फसलें बर्बाद हो गई। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), सेना, सीमा सुरक्षा बल, पंजाब पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से जिले में पानी का स्तर खतरनाक स्तर पर है और लगातार बाढ़ से गांवों में रहने वालों का जीवन कठिन हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य का दौरा करेंगे। वह बाढ़ पीड़ितों के लिए बड़े पैकेज की घोषणा भी कर सकते हैं। राज्य में अगले 3 दिन मौसम सामान्य रहने से लोगों को राहत मिल सकती है।
उत्तरकाशी में फटे बादल : उत्तरकाशी के नौगांव बाजार के स्योरी फल पट्टी में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। नौगांव क्षेत्र में अतिवृष्टि के कारण नौगांव खड्ड, देवलसारी खड्ड एवं मुराडी खड्ड का जलस्तर बढ़ने से कई स्थानों पर मलबा व पानी घरों में घुस गया। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारी से तत्काल वार्ता कर राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में भी बारिश से राहत रहेगी, लेकिन नैनीताल और चंपावत में भूस्खलन की चेतावनी जारी की गई है।
यूपी में उफान पर यमुना : उत्तर प्रदेश में यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसके चलते आगरा में ताजमहल के ठीक पीछे स्थित महताब बाग जलमग्न हो गया है। यहां तक कि घाटों की सीढ़ियां तक पानी में डूब चुकी हैं। स्थिति को देखते हुए वहां तैनात पीएसी और पुलिस बल को हटा लिया गया है। यमुना किनारे के इलाकों में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। यमुना किनारे बसे गांवों और शहरी बस्तियों को खाली कराया जा रहा है। लोग अपने घरों से निकलकर राहत शिविरों में शरण ले रहे हैं।
सिरमौर में भूस्खलन : हिमाचल की घाटियां जलजमाव और बाढ़ के संकट से जूझ रही हैं। हर तरफ पानी ही पानी दिखाई दे रहा है। राज्य के सिरमौर में शनिवार सुबह भूस्खलन के बाद एक पहाड़ी का लगभग 200 मीटर हिस्सा कटकर बह गया। हिमाचल में अब मानसून कमजोर पड़ने लगा है। राज्य में अगले 3 दिन लोगों को बारिश से राहत मिल सकती है।
राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट : राजस्थान के 6 जिलों में शनिवार को भी भारी बारिश का दौर जारी रहा। राजसमंद से जोधपुर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 162 का 0.5 किलोमीटर हिस्सा पानी में बह गया। मध्य प्रदेश और बंगाल की खाड़ी में विकसित निम्न दबाव क्षेत्र के चलते राज्य के 33 जिलो में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
The #depression over Southwest #Rajasthan and neighbourhood moved south-southwestwards with the speed of 15 kmph during past 6 hours and lay centred at 0530 hrs IST of today, the 07th September, 2025, over North #Gujarat and adjoining Southwest Rajasthan near latitude 24.2°N and… pic.twitter.com/6S9rEVJFFQ
आज कैसा रहेगा मौसम : मौसम विभाग ने कहा कि महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा और कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है। यहां रेड अलर्ट जारी किया गया है। कोंकण और गोवा, बिहार, और मध्य प्रदेश समेत 20 राज्यों में येलो अलर्ट जारी हुआ है।
edited by : Nrapendra Gupta