Weather Update : यूपी से राजस्थान तक भीषण गर्मी की मार, 4 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

मंगलवार, 8 अप्रैल 2025 (08:26 IST)
Weather Update : अप्रैल में देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का असर दिखाई दे रहा है। दिल्ली, यूपी, राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात समेत कई राज्यों में गर्म हवाएं चल रही है। मौसम विभाग ने आज से उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत में तापमान में 4 डिग्री तक वृद्धि होने की संभावना जताई है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 
 
मौसम विभाग के अनुसार, 8 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इससे हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और लद्दाख में बारिश और ओले गिरने की आशंका है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं चल सकती है। 10 अप्रैल तक दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, गुजरात, पंजाब, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लू चलने के आसार हैं। 

राजस्थान के बाड़मेर में दूसरे दिन भी पारा 45.6 डिग्री रहा। जैसलमेर समेत राज्य के 10 शहरों में पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया। मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम में पारा 44.3 और रतलाम में पारा 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल में सड़कों का डामर पिघल गया। 
 
दिल्ली में येलो अलर्ट : भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में इस मौसम की पहली हिट वेव सोमवार को दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने दिल्ली में उष्ण लहर के मद्देनजर अगले 2 दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 
 
दिल्ली में नौ अप्रैल तक उष्ण लहर जारी रहने की संभावना है। दस अप्रैल से दिल्ली समेत उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में गिरावट होने का अनुमान है। आईएमडी उष्ण लहर की घोषणा तब करता है जब मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस या पहाड़ी क्षेत्रों में 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है।
 
ओडिशा में भीषण गर्मी : ओडिशा में जारी भीषण गर्मी के बीच, चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव में बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से के मध्य में कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। इसके 8 अप्रैल तक उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने तथा फिर अगले 48 घंटों के दौरान बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य की ओर बढ़ने की संभावना है। ओडिशा के तटवर्ती जिलों में कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने का अनुमान है।
 
गर्मी से बचने के लिए क्या करें : आईएमडी के येलो चेतावनी में लोगों को गर्मी की चपेट में आने से बचने, हल्के-फुल्के, हल्के रंग के, ढीले सूती कपड़े पहनने और अपने सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढकने की सलाह दी है। 
 
पूर्वी बिहार से लेकर विदर्भ और दक्षिणी कर्नाटक में हवाओं की हलचल के कारण बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी आ रही है। इस वजह से केरल, कर्नाटक और पूर्वोत्तर भारत में 10 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यहां गरज के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है।
edited by : Nrapendra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी