चक्रवात ‘असानी’ गहरे दबाव में बदला, आंध्र में भारी बारिश का रेड अलर्ट, जानिए कहां चलेगी लू?

गुरुवार, 12 मई 2022 (07:50 IST)
अमरावती। चक्रवाती तूफान ‘असानी’ बुधवार देर रात आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम और नरसापुरम के बीच कमजोर होकर गहरे दबाव में तब्दील हो गया। असानी की वजह से आज आंध्र प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। यहां रेड अलर्ट जारी किया गया है। इधर पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भीषण गर्मी पड़ रही है। यहां आज भी लू चल सकती है।

ALSO READ: Cyclone Asani में बहकर आए 'रहस्यमयी' सोने के रथ को लेकर सामने आए चौंकाने वाले राज
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) के निदेशक बी आर आंबेडकर ने एक विज्ञप्ति में कहा कि ‘असानी’ कमजोर होकर राज्य के यानम-काकीनाडा क्षेत्र में बंगाल की खाड़ी में मिल जाएगा।
 
उन्होंने कहा कि हालांकि, तटीय आंध्र प्रदेश के जिलों में अलग-अलग स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा होगी और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
 
एसडीएमए के निदेशक ने कहा कि लोगों को सतर्क रहना चाहिए और मछुआरों को समुद्र में नहीं जाना चाहिए क्योंकि बंगाल की खाड़ी में मौसम प्रतिकूल रहेगा।
 
Koo App
उत्तर भारत में फिर बदलेगा मौसम : मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में लू चलने की संभावना जताई है। अगले 3 दिन पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, राजस्थान और मध्य भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। मौसम विभाग ने ‍इस दौरान पारा 47 डिग्री के पार जाने का अनुमान जताया।

राजस्थान में गर्मी का रौद्र रूप: राजस्थान में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है और सीमांत बाड़मेर में अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया और प्रदेश के आधे दर्जन स्थानों पर तापमान लगभग 46 एवं इससे ऊपर दर्ज किया गया। 
 
मौसम विभाग के अनुसार बाड़मेर में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिकता के साथ 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जबकि चुरु एवं कोटा में सामान्य से 4 डिग्री अधिकता के साथ 46.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह बीकानेर में सामान्य से 4 डिग्री अधिकता के साथ 46, जैसलमेर में 4 डिग्री अधिकता के साथ 45.9, जोधपुर में सामान्य से 5 डिग्री अधिकता के साथ 45.6, श्रीगंगानगर में सामान्य से 4 डिग्री अधिकता के साथ 45.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी