मुंबई में 2 हफ्ते लेट पहुंचा मानसून, दिल्ली में 2 दिन पहले एंट्री

Webdunia
रविवार, 25 जून 2023 (11:35 IST)
Weather Update : दिल्ली और मुंबई दोनों जगह रविवार को मॉनसून के आगमन के साथ बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मुंबई में यह 2 हफ्ते की देरी से पहुंचा जबकि दिल्ली में मानसून अपने तय समय से 2 दिन पहले पहुंच गया। आम तौर पर केरल में मानसून एक जून तक, मुंबई में 11 जून और राष्ट्रीय राजधानी में 27 जून तक पहुंचता है।
 
आईएमडी के अधिकारी के अनुसार, मानसून की शुरुआत धीमी रही लेकिन अब इसमें तेजी आ रही है। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में इसकी दस्तक हो गई है। राजस्थान और गुजरात में इसके आज दस्तक देने की संभावना है।
 
मानसून लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर समेत उत्तर भारत में अधिकांश जगह तक तय समय या उससे थोड़ा पहले पहुंच गया है लेकिन मध्य भारत में यह अब भी तय समय से 10-12 दिन पीछे है, जहां अधिकांश किसान खेती के लिए बारिश पर निर्भर रहते हैं।
 
आईएमडी में एक वरिष्ठ वैज्ञानिक डी.एस. पाई ने बताया कि चक्रवात बिपारजॉय ने दक्षिण भारत और उससे सटे पश्चिम एवं देश के मध्य हिस्सों में मानसून की प्रगति पर असर डाला है। हालांकि, पूर्वोत्तर एवं पूर्वी भारत में बारिश के लिए जिम्मेदार बंगाल की खाड़ी में मानसून 11 जून और 23 जून के बीच मजबूत बना रहा।
 
पाई ने कहा कि मध्य जून में निम्न दबाव क्षेत्र बनने और चक्रवात बिपारजॉय के असर से मॉनसून के पूर्वी भारत की दिशा में बढ़ने में मदद मिली। अरब सागर से उठने वाला मानसून अब गति पकड़ रहा है और बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव क्षेत्र बन रहा है।

असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर : असम में बाढ़ की स्थिति रविवार को भी गंभीर बनी रही और बाढ़ से नौ जिलों में चार लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। 1,118 गांव जलमग्न हैं और 8,469.56 हेक्टेयर में लगी फसल नष्ट हो गई है। हालांकि बाढ़ का पानी अब धीरे धीरे कम होने लगा है।
 
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के एक अधिकारी ने कहा कि बाढ़ से बक्सा, बारपेटा, दरांग, धुबरी, गोलपारा, कामरूप, लखीमपुर, नलबाड़ी और उदलगुरी जिलों में 4,07,700 लोग प्रभावित हुए हैं। इस साल राज्य के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ की पहली लहर में तीन लोगों की जान गई है।

ठाणे में भारी बारिश, रेस्तरां की छत गिरी : महाराष्ट्र के ठाणे शहर में भारी बारिश के कारण एक रेस्तरां की छत गिरने से तीन लोग घायल हो गए। यह घटना शनिवार देर रात घोड़बंदर रोड पर स्थित एक रेस्तरां में हुई। शहर में रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 12 घंटे के दौरान 58.90 मिमी बारिश दर्ज की गयी।
 
ठाणे और पालघर जिले में शनिवार को भारी बारिश हुई थी, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया था। ठाणे जिले के भिवंडी, कल्याण और बदलापुर के कई इलाके जलमग्न हो गए थे, जिसके कारण लोगों को घुटनों तक पानी से होकर गुजरना पड़ा। (इनपुट भाषा)
Edited by : Nrapendra Gupta 

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख