Weather Updates : हिमाचल में ताजा हिमपात, बारिश के बाद ठंड का 'टार्चर'

रविवार, 3 मार्च 2019 (23:24 IST)
शिमला। हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी और कई अन्य स्थानों पर बारिश भी हुई, जिससे वहां ठंड काफी बढ़ गई। यहां स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि कल्पा, केलांग, डलहौजी और मनाली में शनिवार शाम साढ़े 5 बजे से लेकर रविवार सुबह साढ़े 8 बजे तक क्रमश: 23, 10, 7.5 और 7 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई।
 
राजधानी शिमला सहित राज्य के कई अन्य क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। शिमला में 18.7 मिलीमीटर बारिश हुई। विभाग ने कहा कि मनाली, कुफरी दोनों जगह पर तापतान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जबकि डलहौजी में तापमान शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया।
 
विभाग के मुताबिक लाहौल और स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 9.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। वहीं, किन्नौर जिले के कल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
 
दिल्ली में ओलावृष्टि की संभावना : राष्ट्रीय राजधानी में रविवार सुबह बादल छाये रहे और बारिश हुई वहीं दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि होने की संभावना है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सफदरजंग वेधशाला में 9.6 मिलीमीटर जबकि पालम वेधशाला में 7.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लोधी रोड़ वेधशाला में 5.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। 
 
उन्होंने बताया, न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के करीब बने रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बादल छाये रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। अधिकारी ने बताया, दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है।
 
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश और ओले : उत्तर प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में सोमवार को बारिश और ओले गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने रविवार को लखनऊ में यह जानकारी दी। विभाग के अनुसार मंगलवार से फिर मौसम करवट लेगा और धूप खिलेगी।
 
विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई जगह बारिश हुई है। गौतमबुद्धनगर, जलालाबाद, सिंकदराबाद, सहसवान, दातागंज, बदायूं, अतरौली, शाहजहांपुर, पुवायां, आंवला, अलीगढ़, मेरठ, एटा, बहेड़ी, निघासन, मोहम्मदी, छिबरामऊ और सिधौली में एक से दो सेंटीमीटर तक बारिश हुई।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी