सुनील जाखड़ के इस्तीफे पर क्या बोली पंजाब भाजपा?

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शुक्रवार, 27 सितम्बर 2024 (12:50 IST)
Sunil Jakhar's resignation News: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में कहा कि सुनील जाखड़ राज्य में पार्टी का नेतृत्व कर रहे हैं और ये अटकलें बिल्कुल बेबुनियाद हैं कि उन्होंने अपना पद छोड़ दिया है। वैसे तो 70 वर्षीय जाखड़ खुद फोनकॉल का जवाब नहीं दे रहे हैं लेकिन उनके करीबी संजीव त्रिखा ने कहा कि ऐसा (पद छोड़ देने जैसा) कुछ नहीं है।ALSO READ: सुनील जाखड़ का भाजपा को बड़ा झटका, पंचायत चुनाव से पहले अध्यक्ष पद से इस्तीफा
 
एक खबर में दावा किया गया था कि जाखड़ ने पार्टी की पंजाब इकाई के प्रमुख का पद छोड़ दिया है। प्रदेश भाजपा महासचिव अनिल सरीन ने इसे बिल्कुल बेबुनियाद और झूठा करार दिया। उन्होंने कहा कि जाखड़ पार्टी की प्रदेश इकाई की अगुवाई कर रहे हैं।
 
पार्टी के सदस्यता अभियान के सिलसिले में गुरुवार को हुई एक बैठक से जाखड़ के दूर रहने के बारे में सरीन ने कहा कि हर बैठक में प्रदेश इकाई प्रमुख का मौजूद रहना जरूरी नहीं है। प्रदेश भाजपा प्रमुख पद से जाखड़ के इस्तीफे की खबरों पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं लुधियाना के सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने एक्स पर लिखा, श्रीमान सुनील जाखड़, आपको शुभकामनाएं, अगला ठिकाना क्या होगा?
 
जाखड़ को जुलाई 2023 में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किया गया था और उन्होंने विधायक अश्विनी शर्मा की जगह ली थी। वे मई 2022 में भाजपा में शामिल हुए थे। उससे 3 महीने पहले कांग्रेस पंजाब विधानसभा चुनाव हार गई थी।ALSO READ: भाजपा नेता विक्रम सैनी बोले, खाने पीने के सामान में थूकने वालों के हाथ पैर तोड़ दो
 
पूर्व कांग्रेस नेता जाखड़ अबोहर विधानसभा क्षेत्र से 3 बार विधायक और गुरदासपुर से लोकसभा सदस्य भी रह चुके हैं। जाखड़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं 2012-16 के दौरान पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता भी रहे हैं। वे पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष दिवंगत बलराम जाखड़ के पुत्र हैं।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी