तीनों सेनाओं की महिला अधिकारियों ने दिखाया जौहर, पूरी की चुनौतीपूर्ण समुद्री यात्रा

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

गुरुवार, 18 अप्रैल 2024 (12:26 IST)
Tri service women's voyage : तीनों सेनाओं की महिला अधिकारियों के एक दल ने अरब सागर में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में करीब 4 सप्ताह की कठिन समुद्री यात्रा (Arabian Sea) पूरी कर ली है। इसके चालक दल में सभी महिलाएं हैं। अधिकारियों ने नई दिल्ली में गुरुवार को बताया कि भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना की 12 बहादुर महिला अधिकारियों वाले चालक दल ने सितंबर में होने वाली वैश्विक जलयात्रा (global sailing) प्रतिस्पर्धा की तैयारी के लिए यह समुद्री यात्रा की।

ALSO READ: भारतीय सेना की निगाह इजराइल हमास संघर्ष पर, सैन्य प्रशिक्षण प्रासंगिक बनाने पर जोर
 
'आर्मी एक्वा नोडल सेंटर' के बैनर तले यह यात्रा शुरू की : उन्होंने बताया कि इन महिलाकर्मियों ने 'आर्मी एडवेंचर विंग' और 'कॉलेज ऑफ मिलिट्री इंजीनियरिंग' के 'आर्मी एक्वा नोडल सेंटर' के बैनर तले यह यात्रा शुरू की। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण वैश्विक जलयात्रा के मद्देनजर शुरू किया गया यह मिशन 27 दिन में पूरा हुआ और इसमें सबसे कठिन समुद्री परिस्थितियों में उनके धैर्य और कौशल का परीक्षण किया गया।
 
6,000 समुद्री मील का प्रशिक्षण हासिल किया : मुंबई से लक्षद्वीप तक यह प्रशिक्षण अभियान शुक्रवार को औपचारिक रूप से समाप्त हो गया। महिला नाविकों ने पहले ही 6,000 समुद्री मील का प्रशिक्षण हासिल कर लिया है। अधिकारी ने बताया कि चालक दल अपने आप को 'अराउंड द वर्ल्ड सेलिंग कॉम्पिटिशन' के लिए तैयार कर रहा है, जो भारतीय सेना के इतिहास में मील का एक महत्वपूर्ण पत्थर साबित होगा।

ALSO READ: भारतीय सेना ने सियाचिन ग्लेशियर में पूरे किए 40 साल
 
यात्रा 4 चरणों में पूरी की : उन्होंने बताया कि यह यात्रा 4 चरणों में पूरी की गई और प्रत्येक चरण में चालक दल के लिए विशिष्ट चुनौतियां और सीखने के नए अवसर आए जिससे आगामी वैश्विक जल यात्रा चुनौती के लिए उनकी क्षमताएं मजबूत हुई हैं। अधिकारी ने कहा कि यह अभियान केवल उपलब्धि हासिल करने के बारे में नहीं है बल्कि सांस्कृतिक और लैंगिक बाधाओं को तोड़ने के बारे में भी है। यह पहल 'नारी शक्ति' का जश्न मनाती है और समावेशिता तथा विविधता की महत्ता पर जोर देती है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की शाम को मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में इन बहादुर महिला नाविकों की उपलब्धियों का जश्न मनाया जाएगा।(भाषा)
 
Edited by : Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी