योगी बोले, तुलसीदास ने अकबर नहीं भगवान राम को माना था राजा

रविवार, 26 मार्च 2017 (15:04 IST)
गोरखपुर। गोरखपुर दौरे पर गए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखनाथ मंदिर में कहा कि तुलसी दास ने अकबर नहीं भगवान राम को राजा माना था।
 
योगी आदित्य नाथ ने बाबा गंभीरनाथ शताब्दी की पुण्यतिथि समारोह में कहा कि मैं गंभीरनाथजी की पांचवी पीढ़ी में हूं। गंभीरनाथ बहुत बड़े सिद्ध संत थे। बहुत सारे लोगों ने विश्वविजेता बनने का सपना देखा था। सिकंदर भी उसमें से एक था। जब वह यहां आया तो किसी ने बताया कि यहां एक योगी बैठा है जो चमत्कार करता है। तब सिकंदर के अपने सेनापति के माध्यम से मिलने के लिए योगी को संदेश दिया। योगी ने कहा कि हम किसी विश्वविजेता को नहीं जानते हैं। मैं सिर्फ विश्व विधाता को जानता हूं। यही बात तुलसीदास ने भी कही थी। तुलसीदास के पास अकबर ने संदेश भेजवाया कि आपको दिल्ली के बादशाह बुला रहे हैं, तब तुलसीदास ने कहा था कि यहां तो एक ही राजा है, वह हैं श्रीराम।
 
मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों से पूछा क्या कहा था तुलसीदास ने? लोगों ने कहा जय श्रीराम। उन्होंने कहा कि तुलसीदास ने अकबर को कभी राजा नहीं माना था किस को राजा माना था? लोगों ने कहा जय श्रीराम। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लोग जब बाबा गंभीर नाथ के बारे में पढ़ते हैं, सुनते हैं तब लगता है कि यदि मनुष्य अपने सूक्ष्म जगत के बारे में जानने की कोशिश करे तो सब कुछ जान सकता है। यह बात बाबा गंभीर नाथ में थी।
 
उन्होंने कहा कि भारतवर्ष में संतों की एक गौरवशाली परंपरा रही है और देशवासियों ने हमेशा से इस परंपरा का सम्मान किया है। 

वेबदुनिया पर पढ़ें