अमरनाथ यात्रियों पर आतंकवादी हमले की योजना : केंद्र
मंगलवार, 22 जुलाई 2014 (17:22 IST)
FILE
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने मंगलवार को बताया कि अमरनाथ यात्रियों पर आतंकवादी हमलों की योजना संबंधी खुफिया जानकारी है।
गृह राज्यमंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में सुनील कुमार सिंह और एटी नाना पाटिल के सवालों के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। अमरनाथ यात्रा को निशाना बनाने संबंधी आतंकवादियों की योजना के बारे में खुफिया जानकारी है और इसे केंद्र तथा राज्य स्तर पर सुरक्षा एजेंसियों के साथ साझा किया गया है।
रिजिजू ने बताया कि इस वर्ष जब से यात्रा आरंभ हुई है जिला गंदरबल से यात्रा वाहनों पर पथराव की कुछ घटनाओं की सूचना प्राप्त हुई है। इन घटनाओं में एक यात्री के घायल होने और तीन वाहनों की खिड़कियों के शीशे टूटने की सूचना मिली है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अमरनाथ तीर्थयात्रियों को सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त व्यवस्था कर रही है। सुरक्षा के लिए यात्रा के मार्ग पर केंद्रीय सशस्त्र बलों, जम्मू एवं कश्मीर पुलिस की 112 कंपनियों की तैनाती के अलावा श्री अमरनाथ गुफा बोर्ड ने भी तीर्थयात्रियों के कल्याण के साथ-साथ यात्रा के मार्ग को सहज बनाने के लिए व्यापक व्यवस्था की है। (भाषा)