अमित शाह बने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष

बुधवार, 9 जुलाई 2014 (12:39 IST)
FILE
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबसे करीबी माने जाने वाले अमित शाह भारतीय जनता पार्टी के नए अध्यक्ष होंगे। पार्टी ने इस संबंध में शाह के नाम पर अपनी मुहर लगा दी है। शाह अब राजनाथसिंह का स्थान लेंगे, जो केन्द्र में गृहमंत्री बन चुके हैं।

अमित शाह वर्तमान में भाजपा के महासचिव पद पर कार्य कर रहे हैं। गुजरात में मोदी सरकार में गृह राज्यमंत्री रह चुके अमित शाह ने इस बार लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा था। मोदी के प्रधानमंत्री बनते ही कयास लगने शुरू हो गए थे कि उन्हें मोदी के करीबी होने का बड़ा फायदा मिल सकता है।

सूत्रों ने बताया कि वैसे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की दौड़ में वैंकेया नायडू भी शामिल थे लेकिन लगता है कि भाजपा का थिंक टैंक अमित शाह को पार्टी का नया अध्यक्ष बनाने का फैसला ले चुका है, बस उस पर मुहर लगना बाकी है। नए अध्यक्ष का औपचारिक ऐलान बुधवार की दोपहर में कर दिया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार शाह को राजनाथ सिंह की जगह भाजपा अध्यक्ष बनाया जा सकता है। भाजपा के सत्ता में आने पर राजनाथ केन्द्रीय गृह मंत्री बनाए गए हैं। पार्टी के ‘एक व्यक्ति, एक पद’ के सिद्धांत के अनुरूप सिंह कल की बैठक में भाजपा अध्यक्ष पद से हटने की घोषणा कर सकते हैं।

हाल के लोकसभा चुनावों में शाह पार्टी के बड़े रणनीतिकार के रूप में उभरे हैं और उत्तर भारत, खासकर उत्तर प्रदेश में भाजपा की जीत का श्रेय उनकी रणनीति को दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से भाजपा ने 71 सीट जीती हैं।

लोकसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने के बाद भाजपा में भारी संगठनात्मक फेर-बदल होने जा रहे हैं, क्योंकि संगठन का काम काज संभालने वाले उसके अधिकतर नेता सरकार में शामिल हो गए हैं। भाजपा का विचारधारात्मक आधार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी चाहता है कि सरकार गठन के कारण संगठन कमजोर नहीं पड़ना चाहिए।

संघ ने अपने दो वरिष्ठ प्रचारकों (राम माधव और शिव प्रकाश) को भाजपा में भेजने का पहले ही निर्णय कर लिया है। भाजपा के नए अध्यक्ष इन दोनों की संगठन में नई भूमिका तय करेंगे। ऐसी संभावना है कि इन दोनों को पार्टी का महासचिव बनाया जा सकता है।

मोदी स्वयं भी संघ के पूर्णकालिक प्रचारक रह चुके हैं और संघ ने उन्हें भाजपा में भेजा था। शाह अगर भाजपा अध्यक्ष बन जाते हैं तो एक संयोग यह भी बनेगा कि प्रधानमंत्री और सत्तारूढ़ दल का अध्यक्ष एक ही राज्य, गुजरात के हो जाएंगे। (वेबदुनिया/भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें