...तो भाजपा होगी हिट विकेट-जेटली

शनिवार, 31 अगस्त 2013 (16:23 IST)
FILE
नई दिल्ली। भाजपा नेता अरुण जेटली ने शनिवार को आगाह किया कि पार्टी में प्रधानमंत्री पद की दावेदारी को लेकर कोई विवाद नहीं होना चाहिए, क्योंकि यह ‘हिट विकेट’ (खुद को ही नुकसान पहुंचाना) साबित होगा और यदि भाजपा अगले लोकसभा चुनाव में हारती है तो उसकी एकमात्र संभावित वजह यही होगी।

भाजपा के विधि प्रकोष्ठ के सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्यसभा में विपक्ष के नेता ने यह संकेत भी दिया कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी को भाजपा का प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया जाना चाहिए।

संप्रग सरकार के सामने मौजूद चुनौतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस सरकार के सामने समस्या खड़े कर रहे मुद्दों में एक नेतृत्व का विषय भी है। संप्रग में कोई प्रभावशाली नेतृत्व नहीं है। इसके चलते लोग भाजपा की ओर टकटकी लगाए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा जितनी जल्दी अपने नेता के नाम की घोषणा करेगी, उतना ही पार्टी के लिए बेहतर होगा।

जेटली ने कहा कि संसदीय चुनाव कई बार राष्ट्रपति चुनाव की तरह हो जाते हैं, खासतौर पर जब नेता बहुत लोकप्रिय होता है। अटल बिहारी वाजपेयी, इंदिरा गांधी और जवाहरलाल नेहरू के मामले में ऐसा हुआ है। उन्होंने इशारों में कहा कि अगर अगले आम चुनावों में नेतृत्व के विषय पर लोग मतदान करते हैं तो भाजपा निश्चित रूप से जीतेगी।

हालांकि उन्होंने आगाह किया कि नेतृत्व के विषय पर किसी भी तरह का विवाद चुनावों में भाजपा को नुकसान पहुंचा सकता है।

उन्होंने कहा कि हमें हिट विकेट नहीं होना चाहिए। इस समय जो माहौल है, उसमें कोई आपको अपनी गेंद से आउट नहीं कर सकता बल्कि आप खुद ही अपना विकेट गिरा सकते हैं। सिर्फ इसी स्थिति में हम चुनाव हार सकते हैं। जेटली ने कहा कि भाजपा लगातार दो लोकसभा चुनाव हार चुकी है लेकिन आज माहौल भाजपा के पक्ष में बन रहा है।

जेटली अकसर इस बात पर जोर देते रहे हैं कि भाजपा को मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर देना चाहिए, हालांकि पार्टी के कुछ नेता इस विचार के पुरजोर विरोधी हैं और उनका कहना है कि मोदी का चेहरा ध्रुवीकरण वाला है। भाजपा नेता ने कहा कि संप्रग सरकार के खिलाफ व्यापक सत्ता-विरोधी लहर है और यह उसके लिए घातक सिद्ध होगी।

उन्होंने कहा कि सत्ताविरोधी लहर एक ऐसी चीज है जिसमें विपक्ष जीतता है, क्योंकि जनता सरकार को नकार देती है। जेटली ने पार्टी के अंदर मतभेदों का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी समस्या है कि कई सारे प्रवक्ता हैं। एक व्यक्ति टीवी चैनलों पर बोल रहा है और खुद को भाजपा की युवा इकाई से जुड़ा होने का दावा करता है। हम इस प्रवक्ता की पहचान नहीं कर पाए हैं।

जेटली उस कथित नेता का जिक्र कर रहे थे जिसने युवा मोर्चा का सदस्य होने का दावा करके समाचार चैनलों की चर्चा में हिस्सा लिया और यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे आसाराम का बचाव किया। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें