अमेरिका में कर्मचारियों के ट्रांसफर नहीं होते

FILE


अमेरिका (यूएसए) में आमतौर पर सरकारी-गैरसरकारी दोनों ही तरह की नौकरियों में कर्मचारियों के एक स्थान से दूसरे स्थान पर तबादले या ट्रांसफर नहीं होते।

नौकरी यदि प्राइवेट कंपनी की है और यदि उसके अमेरिका के कई शहरों में दफ्तर हैं तो आवेदक से भर्ती के समय ही पूछ लिया जाता है कि वह किस शहर या स्थान पर काम करना पसंद करेगा और उसी शहर या स्थान पर उसकी नियुक्ति कर दी जाती है।

बिलकुल यही बात राज्य-सरकार या अमेरिका सरकार की नौकरियों में भी लागू होती है। मेरे एक पड़ोसी हैं, जो 40 साल से एक ही पोस्ट ऑफिस में काम कर रहे हैं। उसी पोस्ट ऑफिस में उन्होंने अपनी नौकरी शुरू भी की थी। स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी भी चाहे सरकारी हों या प्राइवेट वहां भी कर्मचारियों-शिक्षकों के तबादले होने के प्रश्न ही नहीं उठते।

FILE


बहुत पहले अमेरिकी कर्मचारियों के भी ट्रांसफर होते थे। 1857 में जेम्स बुचानन अमेरिका के 15वें राष्ट्रपति बने। (प्रसंगवश बुचानन एकमात्र आजीवन अविवाहित अमेरिकी राष्ट्रपति हुए हैं।) 1 साल बाद जब उनके 'सेक्रेटरी ऑफ ट्रेजरार' (वित्तमंत्री) ने उन्हें बताया कि गत 1 वर्ष में अमेरिकी सरकार ने अपने कर्मचारियों, उनके परिवार और उनके सामान के ट्रांसफर (एक शहर से दूसरे शहर या स्थान पर भिजवाने के लिए) इतने लाख डॉलर खर्च किए तो राष्ट्रपति बुचानन ने इसे फिजूलखर्च बताया और कहा कि जब तक अतिआवश्यक न हो, कर्मचारियों के तबादले न किए जाएं।

बुचानन ने कहा कि यदि कोई कर्मचारी हमेशा एक ही जगह काम करता रहे तो इसमें बुराई क्या है? बल्कि इसमें सरकार और कर्मचारी दोनों की भलाई ही है। कर्मचारी एक ही शहर या एक ही स्थान में अपना घर बनवा या खरीदकर जिंदगीभर रह सकते हैं।

सरकार अपने कर्मचारियों के 'ट्रांसफर' पर जो लाखों-करोड़ों डॉलर खर्च करती है वही खर्च वह बेरोजगारों के लिए उद्योग-धंधे लगाने में खर्च करेगी और इस तरह से बेरोजगारों को काम भी मिलेगा तथा सरकार भी यह व्यर्थ खर्च बचा लेगी। इस तरह राष्ट्रपति बुचानन के आदेश से अमेरिकी सरकार के कर्मचारियों के ट्रांसफर होने बंद हो गए।

राष्ट्रपति ने एक छूट अवश्य दी कि यदि कोई कर्मचारी अपना ट्रांसफर चाहे और उसके लायक कहीं जगह खाली हो तो वह अपने खर्च पर वहां जा सकता है। यानी अपने, अपने परिवार और अपने सारे सामान के ट्रांसफर का सारा खर्च कर्मचारी को स्वयं उठाना पड़ेगा।


1861 में अब्राहम लिंकन अमेरिका के 16वें राष्ट्रपति बने। उन्होंने भी अपने पूर्ववर्ती राष्ट्रपति के विचार और निर्णय का समर्थन किया और यह प्रथा हमेशा के लिए लागू हो गई। केंद्र सरकार की देखादेखी अमेरिका की राज्य सरकारों ने भी अपने कर्मचारियों के तबादले करने बंद कर दिए और इस मद में होने वाले लाखों डॉलर बचाने लगे।

केंद्र और राज्य सरकारों की देखादेखी अमेरिका की सभी प्राइवेट कंपनियों ने भी अपने कर्मचारियों के ट्रांसफर करने बंद कर दिए और अपने पैसे बचाने लगे। यद्यपि यहां कर्मचारियों के ट्रांसफर नहीं होंगे, ऐसा कोई कड़ा नियम नहीं है। फिर भी अमेरिका में किसी भी सरकारी-गैरसरकारी कर्मचारियों के ट्रांसफर या स्थानांतरण तभी होते हैं, जब-

(1) किसी कर्मचारी के विरुद्ध लगातार शिकायतें आ रही हों।

(2) किसी कर्मचारी के विरुद्ध कोई गंभीर शिकायत हो और जांच करने पर वह सही पाई जाए।

(3) जब स्वयं कोई कर्मचारी अपना ट्रांसफर चाहे और उसके इच्छित स्थान पर कोई जगह खाली हो तो वह अपने खर्च पर वहां मूव हो सकता है।

(4) कंपनी के किसी दफ्तर में यदि काम की कमी हो या बिलकुल ही न हो तथा किसी और शहर के दफ्तर में काम हो, अन्यथा अमेरिका में कर्मचारियों के ट्रांसफर नहीं होते।

अमेरिका में कर्मचारियों की ट्रांसफर-प्रथा नहीं है- इससे अनुमानतः सारे देश में प्रतिवर्ष कोई 200 करोड़ डॉलर की बचत होती है जिससे हजारों बेरोजगारों को यहां रोजगार भी मिल जाता है

वेबदुनिया पर पढ़ें