तेजेन्द्र शर्मा को प्रवासी भारतीय हिन्दी भूषण सम्मान
PR
उत्तरप्रदेश हिन्दी संस्थान वर्ष 2012 के लिए ब्रिटेन के कहानीकार तेजेन्द्र शर्मा को प्रवासी भारतीय हिन्दी भूषण सम्मान प्रदान करेगा। संस्थान के निदेशक सुधाकर अदीब ने बताया कि पुरस्कार निर्णय समिति की बैठक संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में हुई। इस पुरस्कार के तहत दो लाख रुपए की धनराशि प्रदान की जाती है।
तेजेन्द्र शर्मा के अब तक आठ कहानी संग्रह और एक कविता संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं। उनकी कहानियां अंग्रेज़ी, पंजाबी, उर्दू, नेपाली, मराठी, गुजराती, उड़िया एवं चेक भाषाओं में अनूदित हो चुकी हैं। उन्होंने दूरदर्शन के लिए शांति सीरियल का लेखन भी किया है। अन्नु कपूर निर्देशित फिल्म अभय में तेजेन्द्र शर्मा ने नाना पाटेकर के साथ अभिनय के जौहर भी दिखाए हैं।
तेजेन्द्र शर्मा ने यमुना नगर (हरियाणा) एवं मुंबई में प्रवासी साहित्य सम्मेलनों का आयोजन भी किया है।
कथा यू.के. संस्था के महासचिव तेजेन्द्र शर्मा हर साल ब्रिटेन की संसद के हाउस ऑफ कॉमन्स में अंतर्राष्ट्रीय इंदु शर्मा कथा सम्मान का आयोजन करते हैं। इससे पहले उन्हें महाराष्ट्र राज्य साहित्य अकादमी, हरियाणा साहित्य अकादमी एवं भारतीय उच्चायोग, लंदन का हरिवंशराय बच्चन सम्मान मिल चुके हैं।