भारतीय अमेरिकी चिकित्सक स्वास्थ्य सेवा घोटाले में आरोपी

गुरुवार, 18 दिसंबर 2014 (17:39 IST)
न्यूयॉर्क। एक भारतीय अमेरिकी चिकित्सक पर गलत दावे भरकर स्वास्थ्य सेवा में कुल 8 लाख अमेरिकी डॉलर का घोटाला करने के आरोप लगाए गए हैं। उसे 10 साल कारावास की सजा हो सकती है।
 
एक संघीय ग्रांड ज्यूरी ने ईस्ट एमहर्स्ट न्यूयॉर्क के 58 वर्षीय श्रीकृष्णा चेरूवु पर 13 अभियोग लगाए हैं। इन आरोपों के आधार पर अधिकतम 10 साल की सजा और ढाई लाख अमेरिकी डॉलर का जुर्माना हो सकता है।
 
सहायक अमेरिकी अटॉर्नी मैरी एलन क्रेसे ने कहा चेरूवु अफीम के लती लोगों का इलाज करता था। उसने जनवरी 2009 से मई 2014 के बीच अपनी सेवाओं के बदले धन के लिए निजी बीमा कंपनियों के समक्ष गलत दावे पेश किए थे।
 
अभियोग के मुताबिक चेरूवु पर 8 लाख अमेरिकी डॉलर के फर्जी दावे पेश करने का आरोप है। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें