विकास गौड़ा आठवें स्थान पर

बुधवार, 8 अगस्त 2012 (08:35 IST)
FILE
ओलिंपिक में भारत की पदक उम्मीद माने जा रहे विकास गौड़ा पुरुषों की चक्काफेंक स्पर्धा के फाइनल में निराशाजनक प्रदर्शन के साथ आठवें और आखिरी स्थान पर रहे।

विकास ने पहले प्रयास में 64.79 मीटर की दूरी तक चक्का फेंका जो उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं था। उनका सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन 66.28 मीटर है जो उन्होंने खेलों से पहले कर दिखाया था।

सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन को दोहराना भी विकास के लिए पदक जीतने को काफी नहीं होता लेकिन कल क्वालीफिकेशन दौर में पांचवें स्थान पर रहने के बाद उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी।

पहले प्रयास में 64.79 मीटर का फासला नापकर वह तीन प्रयासों के पहले दौर में सातवें स्थान पर रहे। पहले दौर में 12 में से चार थ्रोअर बाहर हो जाते हैं।

अमेरिका में बसे विकास एक बार भी 65 मीटर का आंकड़ा पार नहीं कर सके। उसने छह प्रयासों में क्रमश: 64.79 मीटर, 60.95 मीटर, 63.03 मीटर, 64.15 मीटर, 64.48 मीटर और 63.89 मीटर की दूरी नापी।

जर्मनी के राबर्ट हार्टिंग ने 68.27 मीटर का फासला तय करके स्वर्ण पदक जीता। रजत पदक ईरान के एहसान हदादी को मिला जिसने 68.18 मीटर की दूरी तक चक्का फेंका। वहीं एस्तोनिया के गर्ड केंटर ने सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 68.03 मीटर की दूरी नापकर कांस्य हासिल किया।

इसके साथ ही विकास के अभियान का निराशाजनक अंत हो गया। वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी नहीं दोहरा सके। ओलिंपिक के इतिहास में ट्रैक और फील्ड स्पर्धा के फाइनल में क्वालीफाई करने वाले वह सातवें भारतीय थे। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें