शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाशसिंह बादल का 25 अप्रैल 2023 को निधन हो गया। वे 1947 से भारतीय राजनीति में सक्रिय थे। देश के सबसे उम्रदराज मुख्यमंत्री, पंजाब में भाजपा-अकाली दल का प्रमुख चेहरा प्रकाश सिंह बादल अकेले नेता थे, जो पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री बने। इन्हें पंजाब की राजनीति में बेहद सम्माननीय वरिष्ठ व्यक्ति का दर्जा दिया जाता था।
1957 और 1969 में वे कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए थे। प्रकाश सिंह बादल 1970–1971, में मुख्यमंत्री बने थे, परंतु बाद में उन्हें मुख्य्मंत्री पद त्यागना पड़ा और वे लोकसभा के लिए निर्वाचित होकर केन्द्र में कृषि और सिंचाई मंत्री बने। 1977 में बादल को फिर पंजाब का मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला।
उन्होंने वर्ष 1969-1970 तक सामुदायिक विकास, पंचायतीराज, पशुपालन, डेरी आदि से संबंधित मंत्रालयों में कार्यकारी मंत्री के रूप में कार्य किया। वे पंजाब, पंजाबियत और पंजाबियों की रक्षा और उनके हितों के लिए आवाज उठाने के चलते अपने जीवन के लगभग सत्रह वर्ष जेल में बिता चुके हैं। वे भ्रष्टाचार के विरोध में भी आवाज उठाते रहे हैं।
प्रकाश सिंह बादल 1977–1980, 1997–2002 में पंजाब के मुख्यमंत्री और 1972, 1980 और 2002 में नेता विपक्ष रह चुके हैं। मोरारजी देसाई के शासनकाल में वे सांसद भी बने। उन्हें केन्द्रीय मंत्री के तौर पर कृषि और सिंचाई मंत्रालय का उत्तरदायित्व सौंपा गया।