नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में स्थित अपनी मां के घर आई 24 वर्षीय महिला के पति ने गुरुवार को उसकी चार अंगुलियां काट डालीं और उसे चाकू से गोद कर घायल कर दिया। महिला के पति सचिन वर्मा पर आरोप लगाया जा रहा है कि वह लगातार दहेज की मांग कर रहा था।
दो साल के बच्चे की मां सोनम वर्मा अपने मायके आई हुई थी। घटना आज उसकी मां के घर में दोपहर करीब एक बजे की है। पुलिस अधिकारी ने बताया, सचिन वर्मा आज घर आया था और कहासुनी के बाद उसने सोनम को चाकू से गोदने का प्रयास किया। खुद को बचाने के प्रयास में सोनम के दोनों हाथों की दो-दो अंगुलियां कट गईं।
अधिकारी ने बताया कि सचिन की सास ने जब शोर मचाया तो उन्हें धक्का देकर वह फरार हो गया। सोनम की पीठ पर चाकू के जख्म हैं। उसे अस्पताल ले जाया गया है जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पीड़िता के रिश्ते के भाई अश्विनी भारद्वाज का आरोप है कि सचिन दहेज के लिए उनकी बहन पर जोर डाल रहा था और यह हमला भी उसी से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने बताया, वह लगातार पीड़िता की मां से दहेज की मां करते थे, जिसे वह पूरा भी कर रही थीं। लेकिन हाल ही में उन्होंने 1.5 लाख रुपए मांगे जिसका महिला की मां इंतजाम नहीं कर पाई।
पुलिस ने बताया कि उन्होंने सचिन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास चल रहे हैं। अधिकारी ने कहा कि वह दहेज प्रताड़ना के मामले की भी जांच कर रहे हैं। (भाषा)