MP : शाजापुर में बस-ट्रक की भिड़ंत में 5 लोगों की मौत, 15 घायल

गुरुवार, 18 मई 2023 (17:07 IST)
Madhya Pradesh News : मध्य प्रदेश में शाजापुर जिले के मक्सी कस्बे के पास गुरुवार सुबह एक निजी बस और ट्रक की टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। दुर्घटना सुबह करीब 5 बजे हुई जब पीड़ित उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए अहमदाबाद जा रहे थे।

पुलिस ने यह जानकारी दी। मक्सी थाना प्रभारी गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब पांच बजे हुई जब पीड़ित उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए अहमदाबाद जा रहे थे। उन्होंने बताया कि शाजापुर जिले के दोंटा गांव के पास बस की एक ट्रक से टक्कर हो गई।

अधिकारी ने बताया कि इस घटना में चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि एक ने बाद में उज्जैन के अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों में तीन महिलाएं और एक नाबालिग शामिल है। उन्होंने बताया कि घायलों को इलाज के लिए उज्जैन ले जाया गया है।

मृतकों की पहचान लाल सिंह, जानकी, मीरा, सुमित्रा और राधिका (13) के रूप में हुई है। मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी