जम्मू-कश्मीर राजमार्ग पर भूस्खलन, 7000 से ज्यादा वाहन फंसे

गुरुवार, 16 जनवरी 2020 (15:02 IST)
जम्मू। जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग गुरुवार को चौथे दिन भी बंद रहा। यहां आज भी भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। राजमार्ग बंद होने से सात हजार से ज्यादा वाहन फंसे हैं।
 
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रामवन जिले में भूस्खलन की 5 घटनाएं हुई हैं। बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात डिगडोल, मंकीमोड़, मोउमपासी, पंथियाल और चंद्रकोट में भूस्खलन की घटनाएं हुईं।
 
राजमार्ग साफ करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन लगातार भूस्खलन होने और चट्टान गिरने से यातायात बहाल करने में परेशानी आ रही है। राजमार्ग के कश्मीर वाले हिस्से में बर्फबारी के चलते यह मार्ग रविवार से ही बंद है। मार्ग बंद होने से सात हजार से ज्यादा वाहन फंसे हुए हैं।
 
लगातार चौथे दिन भी राजमार्ग बंद होने पर ट्रक चालकों ने कहा कि उनके पास अब भोजन खरीदने के लिए रुपये नहीं हैं, इसलिए सरकार को उनकी सहायता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने सामुदायिक रसोई की कोई व्यवस्था नहीं की है।
 
चालकों ने सरकार से जल्द से जल्द मार्ग खोलने की अपील की, ताकि वे जम्मू की तरफ जा सकें। ये चालक पिछले 5-6 दिन से कश्मीर वाले हिस्से में फंसे हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी