PM मोदी के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर में विकास का नया अध्याय : धामी

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

गुरुवार, 19 सितम्बर 2024 (20:06 IST)
Uttarakhand Chief Minister Pushkar Singh Dhami News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जम्मू कश्मीर के बनी में कहा कि यह भूमि ऐतिहासिक संस्कृति और बलिदान की भूमि है। जम्मू कश्मीर में नया अध्याय लिखा जा रहा है। लोगों की लोकतंत्र के प्रति आस्था और विश्वास बढ़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर में विकास का नया अध्याय शुरू हुआ है। राज्य विकास और शांति की ओर आगे बढ़ा है। अनुच्छेद 370 को समाप्त करने के बाद जम्मू-कश्मीर में विकास की नई लहर आई है, जिसका सीधा लाभ जम्मू की जनता को मिल रहा है।
 
धामी ने कहा कि बनी की जनता के आशीर्वाद से निश्चित ही भाजपा प्रत्याशी जीवन लाल चुनाव में विजय प्राप्त करेंगे। जीवन लाल निरंतर बनी की जनता की सेवा के कार्य कर रहे हैं। जम्मू कश्मीर की जनता विकास को प्राथमिकता देते हुए पूरे राज्य में कमल खिलाएगी। श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने एक देश, एक विधान, एक निशान के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके सपनों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने पूरा किया।
 
उन्होंने कहा इस बार का चुनाव बहुत ऐतिहासिक होने वाला है। आजादी के बाद पहली बार जम्मू कश्मीर में एक झंडे, एक संविधान के नीचे मतदान होने जा रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मूल मंत्र पर कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि देश में किसी भी लाभार्थी को योजनाओं का लाभ देने से पहले उनकी जाति धर्म नही पूछा जाता है।
 
कश्मीर में बनानी है डबल इंजन सरकार : उन्होंने कहा जम्मू कश्मीर में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रेलवे, बिजली, हर क्षेत्र में तेजी से कार्य गतिमान है। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह बनी की जनता का प्रतिनिधित्व दिल्ली में कर रहे हैं, जीवन लाल जी को जिताकर जम्मू-कश्मीर में डबल इंजन की सरकार बनानी है। उन्होंने कहा केंद्र सरकार द्वारा जम्मू कश्मीर में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है। नेशनल हाईवे, एक्सप्रेसवे, चिनाब ब्रिज, जोजिला टनल, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी टनल, वन्दे भारत ट्रेन, एम्स, आईआईएम, अनेकों  परियोजनाएं जम्मू कश्मीर में सुविधाओं को तेजी से बढ़ा रही हैं। 
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू कश्मीर में आने वाले पर्यटकों की संख्या ढाई गुना से ज्यादा बढ़ गई है। जम्मू कश्मीर के अंदर मिनिमम टेररिज्म और  मैक्सिमम टूरिज्म हो गया है। उन्होंने कहा एक ओर सुरक्षित समृद्ध जम्मू कश्मीर के निर्माण की मोदी जी की गारंटी है। तो दूसरी ओर कांग्रेस, पीडीपी, नेशनल कांफ्रेंस जैसे दल की अलगाववाद, धारा 370 को वापस लाने के वादे हैं।

जम्मू कश्मीर को विपक्षी दलों ने 30 वर्षो से आतंकवाद और अलगाववाद की भेट चढ़ा दिया है। कांग्रेस, पीडीपी, नेशनल कांफ्रेंस के नेताओं ने जम्मू कश्मीर को भ्रष्टाचार के दलदल में धकेला। इस दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, भाजपा प्रत्याशी जीवन लाल, जिला प्रभारी जंगवीर सिंह, अजयवीर पाल, उत्तम सिंह एवं अन्य लोग मौजूद थे। 
 
मशेडी की जनता रचेगी इतिहास : मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जम्मू कश्मीर का मशेडी क्षेत्र भी उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों की भांति है। हाल ही मैं इस क्षेत्र में उत्तराखंड के 5 जवान, भारत मां की सेवा में शहीद हो गए थे। क्षेत्र की जनता आगामी चुनाव में नया इतिहास रचते हुए कमल खिलाने जा रही है। यहां की जनता जम्मू कश्मीर का विकास चाहती है। विकास के साथ आगे बढ़ना चाहती है।

भाजपा प्रत्याशी जीवन लाल ने कम समय में भी बनी की जनता की सेवा की है। वो निरंतर क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाने में अपना अहम योगदान देते हैं। उन्होने जनता से आगामी 1 अक्टूबर को कमल के फूल पर वोट देकर बरी विधानसभा के साथ ही पूरे प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनाने का आग्रह किया। 
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता का दिया हर एक वोट कश्मीर को आगे बढ़ाने का काम करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 के बाद देश में कई ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं। जम्मू कश्मीर के लिए विशेष कार्य योजना बनाकर विकास कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा पहले कश्मीर में आतंकवादियों जिहादियों अलगावादियों की बात होती थी। पर आज चुनाव में विकास की बात हो रही है। 2019 के बाद जम्मू-कश्मीर में 70 हजार करोड़ का विदेशी निवेश बढ़ा है। दूसरी ओर कांग्रेस, पीडीपी, नेशनल कांफ्रेंस पार्टी हैं, जो अलग झंडा, अनुच्छेद 370 को वापस लाने और अलगाववाद की बात करते हैं। 
 
बसोहली में सभा को संबोधित किया : धामी ने बसोहली (जम्मू-कश्मीर) में भाजपा प्रत्याशी दर्शन सिंह के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बसोहली क्षेत्र भी मंदिरो के स्थान के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कहा भाजपा प्रत्याशी दर्शन सिंह को अपना समर्थन देकर अधिक से अधिक मतों से विजय बनाना है एवं कमल के फूल पर वोट देकर पूरे प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनानी है ताकि जम्मू में सुख शांति और समृद्धि का संचार हो सके।

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में कई प्रत्याशी जनता के वोट मांगने आ रहे हैं, लेकिन उनके चरित्र से जनता भली भांति परिचित है। दर्शन सिंह ने हमेशा जनता के साथ खड़ा रहकर क्षेत्र के विकास का संकल्प लिया है। एक ओर महज वोट मांगने वाले तो दूसरी ओर सेवा करने वाला भाजपा प्रत्याशी खड़े हैं। 
 
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर में एम्स, आईआईएम की स्थापना हुई है। शाहपुर कंडी डैम प्रोजेक्ट के संबध में सभी पक्षों को आपस में बिठाकर बातचीत हुई है। उन्होंने कहा एक ओर भाजपा जम्मू कश्मीर में विकास कर रही है तो दूसरी ओर कांग्रेस, एन.सी के लोग जम्मू कश्मीर में फिर से अनुच्छेद 370 को लागू करने की बात करते हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी