अकोला महाराष्ट्र का सबसे गर्म शहर, धारा 144 लागू

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

रविवार, 26 मई 2024 (11:10 IST)
Maharashtra heat : भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) महाराष्ट्र का अकोला जिला पिछले 2 दिन में राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। लू की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी अजीत कुंभार ने अकोला में 31 मई तक दंड प्रक्रिया संहिता (CRPC) की धारा 144 शनिवार को लागू कर दी।
 
आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में स्थित अकोला में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस और शनिवार को 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस महीने शहर में इस मौसम का सबसे अधिक तापमान है।
 
जिलाधिकारी ने प्रतिष्ठानों को श्रमिकों के लिए पीने के पानी और पंखों की पर्याप्त व्यवस्था करने का आदेश दिया। उन्होंने निजी कोचिंग कक्षाओं के समय में बदलाव करने और उन्हें दोपहर के दौरान आयोजित नहीं किए जाने का निर्देश दिया।
 
उल्लेखनीय है कि अकोला 26 मई 2020 को 47.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का दूसरा सबसे गर्म शहर था। इस तारीख को मध्य प्रदेश का खरगोन देश का सबसे गर्म शहर था। (भाषा)
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी