BS Yediyurappa News : बेंगलुरु की एक अदालत ने गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) मामले में गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। येदियुरप्पा के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के मामले की जांच कर रहे अपराध अन्वेषण विभाग (CID) ने पहले उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था। उन्होंने (येदियुरप्पा) सीआईडी के जांच अधिकारी के समक्ष पेश होने के लिए समय मांगा था।
लिया था वॉइस सेंपल : अप्रैल में सीआईडी ने येदियुरप्पा को कार्यालय में बुलाकर उनकी आवाज का नमूना एकत्र किया था। इस बीच, सरकार ने मामले में सीआईडी का प्रतिनिधित्व करने के लिए विशेष लोक अभियोजक (एसपीपी) अशोक एच. नायक को नियुक्त किया है। येदियुरप्पा ने प्राथमिकी को रद्द करने की मांग की है और अदालत का दरवाजा खटखटाया है।
4 बार के मुख्यमंत्री रहे : बीएस येदियुरप्पा ने 2007 में 7 दिनों के लिए कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। इसके बाद उन्होंने 2008 से 2011 तक मई 2018 में तीन दिनों के लिए काम किया और फिर जुलाई 2019 से जुलाई 2021 तक मुख्यमंत्री रहे। हफ्तों चले ड्रामे और अनिश्चितता के बाद उन्होंने 2021 में इस्तीफा दे दिया था। अपने फैसले की घोषणा करते समय येदियुरप्पा ने मंच से रोते हुए कहा था कि कर्नाटक के लोगों ने उनकी सरकार पर विश्वास खो दिया है। इनपुट भाषा