बंगाल उपचुनाव : शत्रुघ्न सिन्हा लड़ेंगे TMC के टिकट पर चुनाव, बाबुल सुप्रियो को भी मिला मौका

रविवार, 13 मार्च 2022 (13:08 IST)
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की आसनसोल संसदीय सीट पर उपचुनाव के लिए शत्रुघ्न सिन्हा और बालीगंज विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बाबुल सुप्रियो तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे।
 
टीएमसी प्रमुख ने ट्वीट किया, 'अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस की ओर से यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि आसनसोल लोकसभा सीट के उपचुनाव में पूर्व केंद्रीय मंत्री और प्रसिद्ध अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा हमारे उम्मीदवार होंगे।’'
 
उन्होंने ट्वीट किया, 'पूर्व केंद्रीय मंत्री और प्रसिद्ध गायक बाबुल सुप्रियो बालीगंज विधानसभा सीट के उपचुनाव में हमारे उम्मीदवार होंगे। जय हिंद, जय बांग्ला, जय मां-माटी- मानुष।'
 
आसनसोल लोकसभा सीट से दो बार भाजपा के सांसद रहे सुप्रियो के पिछले साल पार्टी छोड़ने और टीएमसी में शामिल होने के बाद यह सीट खाली हुई थी। वहीं, बालीगंज विधानसभा सीट राज्य के मंत्री सुब्रत मुखर्जी के निधन के बाद खाली हुई थी।
 
पश्चिम बंगाल के साथ ही छत्तीसगढ़, बिहार और महाराष्ट्र की विभिन्न सीटों पर उपचुनाव का ऐलान किया जा चुका है। यहां 12 अप्रैल 2022 को वोट डाले जाएंगे, जबकि मतगणना 16 अप्रैल 2022 को होगी।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी