अमरनाथ श्रद्धालुओं से भरी बस खाई में गिरी, 17 की मौत

सुरेश एस डुग्गर

रविवार, 16 जुलाई 2017 (23:58 IST)
रामबन/जम्मू। अमरनाथ यात्रियों को ले जा रही जेकेएसआरटीसी की बस  नंबर जेके02वाई-0594 बनिहाल के नाचिनाला के पास गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में जिसमें 17 यात्रियों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए। यह बस जम्मू से पहलगाम की ओर जा रही थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मारे गए श्रद्धालुओं के परिजनों को दो-दो लाख रुपए और गंभीर रूप से घायल हुए श्रद्धालुओं के लिए 50-50 हजार रुपए अनुग्रह राशि की घोषणा की है। 
 
हादसे में 16 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें एक महिला यात्री भी शामिल है। दुर्घटना का पता चलते ही पुलिस, सेना के जवान व स्थानीय लोग बचाव कार्य में जुट गए और घायलों को वहां से जिला अस्पताल रामबन में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया।
छह घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें वायु सेना के हेलीकाप्टर से जम्मू के लिए लाया जा रहा है। अन्य को भी प्राथमिक उपचार के बाद सड़क मार्ग से जीएमसी में लाया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मृतकों व घायलों की पहचान नहीं हुई है।

बस दुर्घटना में मृतकों की सूची
1. पवन कुमार, बिहार 
2. दिलीप कुमार, बिहार 
3. रोनित कुमार  पटना, बिहार
4. सागर कुमार गांधीपथ, बिहार
5. रामकरण शर्मा, जयपुर, राजस्थान
6. शैलेंद्र सिंह, राजस्थान 
7. रविंदर सिंह पिता रघुवीर सिंह गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश)
8. रविंदर सिंह पिता राजिंदर सिंह गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश)
9. राहुल कुमार पिता दलीप सिंह, कैंट 
10. मीना देवी दीनापुर, बिहार
11. सिकंदर मोदी नगर, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) 
12. शीशपाल सैनी, सैनी नगर, नवलगढ़ 
13. दर्शन सिंह, घर नंबर 11, वार्ड नम्बर 12, बिशनाह
14. गोगल चंद पिता घनश्याम 
15. राचेत शर्मा, पिता एच एल शर्मा, नई दिल्ली 
16. चंदर कुमार 
17. करीब 28 वर्षीय पुरु‍ष मृतक की शिनाख्त नहीं हुई 
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है। वहीं, गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री से बात कर हादसे की जानकारी ली और दु:ख जताया। गौरतलब है कि जम्मू क्षेत्र में रामबन जिले के निकट भूस्खलन होने के कारण जम्मू-श्रीनगर हाइवे पर बंद यातायात आज 11 बजे ही बहाल हुआ था। 
 
रामबन जिले के रामसु इलाके में खूनी नाला के पास भूस्खलन होने के कारण हाइवे पर यातायात बंद कर दिया गया था। पुलिस और सीमा सड़क संगठन के लोग भूस्खलन के मलबे को हटाने में लगे हुए थे और करीब 11 बजे यह काम पूरा हुआ। इसके बाद राजमार्ग पर वाहनों को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई। 
 
सूत्रों के अनुसार अमरनाथ यात्रा का काफिला भी राजमार्ग पर फंसा हुआ, लेकिन यातायात बहाल होने के बाद काफिले को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई। उल्लेखनीय है कि इससे पहले, बीते सोमवार को कश्मीर में अमरनाथ यात्रा से लौट रहे बस पर आतंकियों ने गोली चलाकर 7 श्रद्धालुओं की जान ले ली थी। 
 
हालांकि, वारदात में घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती एक महिला की रविवार को मौत हो गई। इससे मरने वालों की तादाद बढ़कर 8 हो गई। इस हादसे के बाद अमरनाथ यात्रा पर निकले लोगों में शोक की लहर है. एक हफ्ते के भीतर दो हादसों ने श्रद्धालूओं को काफी बेचैन कर दिया है।
 
जम्मू से पहलगाम की दूरी करीब 450 किलोमीटर है और इसके सफर में करीब छह घंटे का वक्त लगता है। ये बस जम्मू से करीब 150 किलोमीटर दूर बनिहाल इलाके में हादसे का शिकार हुई है।   

वेबदुनिया पर पढ़ें