बच्ची से बलात्कार, युवक गिरफ्तार

शनिवार, 13 अगस्त 2016 (17:34 IST)
मुंबई। यहां के उपनगरीय विखरोली में एक युवक ने ढाई वर्ष की बच्ची के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया। पुलिस उपायुक्त राजेश प्रधान ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे हुई और इस सिलसिले में शनिवार सुबह 25 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
 
अधिकारी ने बताया कि लड़की के साथ घुलेमिले आरोपी लड़की को विखरोली में परसिते इलाके के एक सुनसान स्थान पर ले गया और वहां पर उसका यौन उत्पीड़न किया। परसिते थाने के एक अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बच्ची को नजदीकी राजवाडी अस्पताल ले जाया गया। 
 
उन्होंने बताया कि हालांकि शुरू में उसकी हालत गंभीर थी, लेकिन अब स्थिर है और दवा का असर हो रहा है। उसका उपचार किया जा रहा है। प्रधान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भादंसं की धारा 363 (अपहरण) और 376 (बलात्कार) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण कानून (पोक्सो) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
 
उन्होंने बताया कि पीड़िता का चिकित्सा परीक्षण किया जा रहा है। इस घटना में उसे कुछ मामूली चोटें आई हैं। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें