धोखाधड़ी केस में कार्यकारी आरटीओ गिरफ्तार

शनिवार, 18 अप्रैल 2015 (22:04 IST)
बालाघाट (मप्र)। बालाघाट एवं मंडला जिले के कार्यकारी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) रामदास दक्ष को शनिवार को सुबह नीली बत्ती लगे उनके निजी वाहन से 15.55 लाख रुपए नकद एवं सात मोबाइल फोन सहित पुलिस ने कोतवाली थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
 
बालाघाट रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) दिनेशचन्द्र सागर ने आज बताया कि पुलिस को एक कथित धोखाधड़ी के प्रकरण में दक्ष की तलाश थी। उन्हें आज सुबह उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वे अपने निजी वाहन में नीली बत्ती लगाकर सिवनी जिले की ओर भागने का प्रयास कर रहे थे।
 
उन्होंने कहा कि गुर्रा चेकपोस्ट पर उनके वाहन की तलाशी में पुलिस ने 15.55 लाख रुपए, सात मोबाइल फोन और उनकी वर्दी जब्त की है। सागर ने कहा कि एक वाहन के फर्जी पंजीयन प्रकरण में दक्ष की पुलिस को तलाश थी। इस प्रकरण में गत 15 अप्रैल से अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
 
एक सवाल के जवाब में सागर ने कहा कि जिस प्रकरण में दक्ष की गिरफ्तारी हुई है, उसके अलावा उनके वाहन से आज जब्त हुए नकद और अन्य सामान के बारे में यदि वे संतोषकारक स्पष्टीकरण नहीं दे सके, तो उन्हें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में भी अभियोजित किया जाएगा। (भाषा)
 

वेबदुनिया पर पढ़ें