कलिखो पुल की विधवा को मैदान में उतारा

शुक्रवार, 28 अक्टूबर 2016 (09:52 IST)
नई  दिल्ली। भाजपा ने अरूणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कलिखो पुल की विधवा दसांगलु पुल को राज्य के हायुलियांग विधानसभा सीट से मैदान में उतारा है जहां उनकी मौत के बाद चुनाव हो रहा है।
 
दसांगलु पूर्व मुख्यमंत्री की तीसरी पत्नी हैं और उनको पीपुल्स पार्टी ऑफ अरूणाचल (पीपीए) का समर्थन मिलेगा जो राज्य में सत्ता में है और भाजपा के साथ उसका गठबंधन है।
 
भगवा पार्टी ने 19 नवम्बर को होने वाले 12 अन्य संससदीय और विधानसभा क्षेत्रों के लिए भी अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है।
 
कलिखो पुल कांग्रेस से अलग होकर भाजपा के सहयोग से मुख्यमंत्री बने थे और उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद उन्हें पद छोड़ना पड़ा था। उन्हें बाद में रहस्यमय   परिस्थितियों में मृत पाया गया। इसे आत्महत्या माना जा रहा है। (भाषा)
 

वेबदुनिया पर पढ़ें