सड़क पर 'योग' कर किसानों ने जताया विरोध

बुधवार, 21 जून 2017 (19:29 IST)
नोएडा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय किसान यूनियन ने विरोध जताते हुए सड़क पर यातायात रोककर योग किया। इसके चलते लोगों को घंटों जाम से दो चार होना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में किसानों की कर्जमाफी से लेकर कई ज्वलंत समस्याएं हैं, लेकिन केंद्र और राज्य सरकारें उन पर ध्यान नहीं दे रही हैं।

किसान नेता सुनील फौजी के नेतृत्व में दादरी के जीटी रोड पर कार्यकर्ताओं ने यातायात रोककर योग किया। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में किसानों की कर्जमाफी से लेकर कई ज्वलंत समस्याएं हैं, लेकिन केंद्र और राज्य सरकारें उन पर ध्यान नहीं दे रही हैं। किसान आत्महत्या कर रहे हैं और सरकार योग कर रही है।

उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं से लोगों का ध्यान हटाने के लिए योग दिवस को जोरशोर से मनाया जा रहा है। भारतीय किसान यूनियन भानू के कार्यकर्ताओं ने परी चौक पर जाम लगाकर सड़क पर योग किया। वहीं खुर्जा-जेवर मार्ग पर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने योगेंद्र अत्री के नेतृत्व में सड़क जाम कर योग किया।

मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने अपने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया था कि किसानों की  समस्याओं को लेकर पश्चिमी उत्तरप्रदेश के सभी जिलों में उनके कार्यकर्ता सुबह 9 से 11 बजे तक सड़क पर वाहन रोककर योग करेंगे। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें