हरियाणा की तरह रांची में भी गई पुलिस अधिकारी की जान, वाहन चैकिंग के दौरान पशु तस्कर ने कुचला

बुधवार, 20 जुलाई 2022 (11:02 IST)
रांची। हरियाणा के बाद झारखंड में एक पुलिस अधिकारी संध्या टोपनो की वाहन से कुचलकर हत्या कर दी गई। इस महिला पुलिस अधिकारी ने वाहन चैकिंग के दौरान पशु तस्करों का रास्ता रोका था। नाराज तस्करों ने पिक अप वाहन से कुचल कर जान ले ली।
 
झारखंड की राजधानी रांची में पशु तस्करों ने संध्या टोपनो नाम की एक महिला सब-इंस्पेक्टर को वाहन चेकिंग के दौरान कुचलकर मार डाला। टोपनो तुपुदाना ओपी के प्रभारी के पद पर तैनात थीं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर लिया।
 
यह घटना बुधवार की सुबह तीन बजे की बताई जा रही है। तुपुदाना में एंटी क्राइम चेकिंग चलाया जा रहा था। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात दरोगा संध्या टोपनो एक पिकअप वैन को रुकने का इशारा किया। ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय दरोगा के ऊपर गाड़ी को चढ़ा दी।
 
महिला पुलिस अधिकारी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। कुछ देर बाद ही चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
 
उल्लेखनीय है कि इससे पहले मंगलवार दोपहर को हरियाणा के नूंह जिले में अवैध पत्थर खनन की जांच करने गए एक पुलिस उपाधीक्षक (DSP) सुरेंद्र सिंह को डंपर से कुचलकर मार डाला था। डीएसपी ने दस्तावेज की जांच के लिए एक डंपर को रुकने का इशारा किया था, लेकिन चालक ने रफ्तार और तेज कर उन्हें कुचल डाला। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी