राज्यपाल ने फहराया तिरंगा, स्टंट के दौरान दुर्घटना, महिला पुलिसकर्मी समेत 6 घायल

शनिवार, 26 जनवरी 2019 (14:30 IST)
पालनपुर। गुजरात में आज गणतंत्र दिवस का मुख्य राजकीय समारोह बनासकांठा जिले के मुख्यालय शहर पालनपुर में आयोजित हुआ। राज्यपाल ओपी कोहली ने मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की मौजूदगी में रामपुरा मैदान में तिरंगा फहराया। इस दौरान हालांकि आयोजित परेड और स्टंट के दौरान मोटसाइकल फिसलकर दर्शकों तक पहुंच जाने के कारण इसे चला रही महिला पुलिसकर्मी समेत लगभग आधा दर्जन लोग घायल हो गए।


ज्ञातव्य है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी के समय से ही गुजरात में गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस का आयोजन राजधानी से बाहर किसी अन्य स्थान पर होता है। उधर उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने राजधानी गांधीनगर में जिला स्तरीय समारोह में राष्ट्रध्वज फहराया। विभिन्न मंत्रियों ने भी अलग-अलग जिलों में ध्वजवंदन किया।

सत्तारूढ़ भाजपा के मुख्यालय गांधीनगर के निकट स्थित कोबा के श्रीकमलम में पार्टी के उपाध्यक्ष तथा केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने और कांग्रेस के अहमदाबाद स्थित मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा ने राष्ट्रध्वज फहराए।

अन्य सरकारी, गैर सरकारी संस्थानों तथा पुलिस और सैन्य केंद्रों तथा शिक्षण संस्थानों आदि में भी राष्ट्रध्वज फहराए गए। पोरबंदर में हर वर्ष की तरह स्थानीय तैराकों के क्लब ने बीच समुद्र में तिरंगा फहराया।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी