Himachal: भूस्खलन से राजमार्ग अवरुद्ध, किन्नौर का शिमला से संपर्क टूटा

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

बुधवार, 2 अक्टूबर 2024 (06:00 IST)
landslide in Himachal: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले (Kinnaur district) का राजधानी शिमला से संपर्क उस समय टूट गया, जब मंगलवार सुबह नेगुलसारी में राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (Hindustan Tibet Road) पर भूस्खलन हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक भूस्खलन में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।ALSO READ: Nepal Flood : नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन ने मचाई तबाही, 59 लोगों की मौत, 36 अन्य घायल
 
भूस्खलन के कारण राजमार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में पर्यटकों के वाहन और सेब से लदे ट्रक फंस गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि राजमार्ग को साफ करने के प्रयास जारी हैं। हालांकि पहाड़ों से गिर रहा मलबा काम में बाधा डाल रहा है।
 
पिछले वर्ष नेगुलसारी में भूस्खलन के बाद सेब सहित अन्य फसलों के परिवहन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई थी तथा यह सुनिश्चित किया गया था कि किसानों की उपज समय पर बाजार तक पहुंचे। लेकिन रोपवे के जरिए सेब ले जाना एक कठिन और समय लेने वाला काम है। रोपवे नेगुलसारी के क्रम्पा और चौरा-रूपी लिंक रोड पर धुमती के बीच स्थापित किया गया था।ALSO READ: यूपी, बिहार में भारी बारिश का कहर, उत्तराखंड में भूस्खलन से बद्रीनाथ रूट बंद
 
स्थानीय मौसम विभाग ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों से मौसम शुष्क बना हुआ है तथा अगले 2-3 दिनों में राज्य के अधिक हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून के वापस चले जाने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। अधिकारियों के अनुसार 27 जून को पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में मानसून के आगमन के बाद से वर्षाजनित घटनाओं में 186 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 28 लोग लापता हैं। बारिश के कारण राज्य को 1,360 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी