जम्मू कश्मीर में शीतलहर, डल झील का पानी जमा

शनिवार, 10 दिसंबर 2016 (16:35 IST)
श्रीनगर। कश्मीर घाटी के कई हिस्सों में शुक्रवार रात इस सीजन का न्यूनतम तापमान होने के साथ ही शनिवार को पूरी घाटी शीतलहर की चपेट में है, जिसकी वजह से पहली बार इस सीजन में प्रसिद्ध डल झील का जल जम गया।
मौसम विज्ञान विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में पारा शून्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंचने के साथ शुक्रवार को इस सीजन की सबसे ठंडी रात थी। उन्होंने कहा कि गिरते तापमान की वजह से यहां के डल झील और कई अन्य जलाशयों के साथ-साथ नलकूपों में पीने का पानी भी जम चुका है।
 
लेह व लद्दाख क्षेत्र में तापमान शून्य से 11.9 डिग्री सेल्सियस नीचे के साथ शुक्रवार को यहां भी इस सीजन की सबसे ठंडी रात थी। यह पूरे जम्मू-कश्मीर का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। प्रवक्ता ने बताया कि नजदीकी कारगिल शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
 
उन्होंने कहा कि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में कल तापमान शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस नीचे से गिरकर शून्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंच गया। यहां पर यह इस सीजन का न्यूनतम तापमान है।
 
दक्षिणी कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग के प्रसिद्ध स्काई-रिसॉर्ट में न्यूनतम तापमान दो डिग्री गिरकर शून्य से 1.0 डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंच गया।
 
प्रवक्ता ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया जबकि नजदीकी कोकरनाग शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 2.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज रात से अगले दो दिनों तक समतल और पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें