'होली' के दिन भी सीमा पर पाक की नापाक हरकत

सोमवार, 13 मार्च 2017 (11:47 IST)
जम्मू। पाकिस्तान की सेना ने जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास पिछले 24 घंटे में आज तीसरी बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।
              
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने यहां बताया कि पाकिस्तान की सेना ने बिना किसी उकसावे के पुंछ सेक्टर में तड़के 6.40 बजे गोलीबारी की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सेना की ओर से 82 एमएम मोर्टार तथा स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की गई जिसके बाद भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई की।
                
प्रवक्ता ने बताया कि रिपोर्ट मिलने तक रुक-रुककर गोलीबारी जारी है। इसमें भारतीय पक्ष की ओर से किसी मरने अथवा घायल होने के सूचना नहीं है। पाकिस्तानी सेना ने कल पुंछ के कृष्णा घाटी तथा चक्कन दा बाग इलाके में संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी की थी। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें