सीमा विवाद : आज बेलगावी नहीं जाएंगे महाराष्ट्र के मंत्री

मंगलवार, 6 दिसंबर 2022 (16:08 IST)
मुंबई। कर्नाटक के साथ राज्य के सीमा विवाद के समन्वय के लिए नियुक्त महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रकांत पाटिल और शंभूराज देसाई के मंगलवार को बेलगावी जाने की संभावना नहीं है क्योंकि दोनों की दिन में महाराष्ट्र में कई बैठक निर्धारित हैं।
 
दोनों मंत्रियों को पहले मंगलवार को कर्नाटक के बेलगावी में महाराष्ट्र एकीकरण समिति के कार्यकर्ताओं से मिलने और दशकों पुराने सीमा मुद्दे पर उनके साथ बातचीत करने का कार्यक्रम था।
 
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने सोमवार को कहा था कि वह अपने महाराष्ट्र के समकक्ष एकनाथ शिंदे से उनके मंत्रिमंडल सहयोगियों को बेलगावी नहीं भेजने के लिए कहेंगे, क्योंकि उनकी यात्रा से सीमावर्ती जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है।
 
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि कर्नाटक के साथ राज्य के सीमा विवाद के समन्वय के लिए नियुक्त मंत्रियों को विवादित क्षेत्रों का दौरा करना चाहिए या नहीं, इस पर मुख्यमंत्री शिंदे अंतिम निर्णय लेंगे।
 
चंद्रकांत पाटिल के एक करीबी सहयोगी ने कहा कि मंत्री सोमवार को पुणे में थे और मंगलवार को मुंबई में उनकी कई बैठक हैं। मंत्री ने अपने आधिकारिक कार्यक्रम में कहा है कि वह सभी बैठकों में भाग लेंगे। मुझे बेलागवी जाने की उनकी किसी भी योजना की जानकारी नहीं है।
 
देसाई के साथ काम करने वाले एक अधिकारी ने भी कहा कि मंत्री की कुछ बैठकें हैं और वह उनमें शामिल होंगे। अधिकारी ने कहा कि उन्होंने हमें सूचित नहीं किया है कि वह आज बेलगावी जाएंगे या नहीं। हमें नहीं पता कि उन्होंने कोई और योजना बनाई है या नहीं। (भाषा)
Edited by : Nrapendra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी