बजट सत्र के दौरान कर्नाटक विधानसभा में घुसा, विधायक की कुर्सी पर बैठा

शनिवार, 8 जुलाई 2023 (10:57 IST)
Karnataka News : कर्नाटक विधानसभा में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक शख्‍स खुद को विधायक बताकर सदन में घुस गया। वह जदएस विधायक करियम्मा की कुर्सी पर बैठ गया।
 
जद एस के एक विधायक ने जब करियम्मा की कुर्सी पर एक शख्स को देखा तो हैरान रहे गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना विधानसभा अध्यक्ष और सचिव को दी। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने खुद को विधायक बताया।
 
इस पर उसे विधानसभा से निकालने के लिए सुरक्षा अधिकारियों को सदन में बुलाया गया। पुलिस ने उसे विधानसभा की सुरक्षा में सेंध लगाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चित्रदुर्ग का रहने वाला है। उसकी उम्र करीब 70 वर्ष बताई जा रही है।
 
पुलिस ने कहा कि आरोपी विधानसभा के सत्र में भाग लेना चाहता था। इसी वजह से उसने यह हरकत की। इस घटना से विधानसभा की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
 
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को ही मुख्‍यमंत्री सिद्धारमैया ने सदन में बजट पेश किया था। यह कांग्रेस सरकार का पहला बजट था।
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी