मुलायम का एक और करीबी विधायक बसपा में शामिल

रविवार, 29 जनवरी 2017 (21:52 IST)
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक और पूर्व मंत्री नारद राय रविवार को बहुजन समाज पार्टी में शामिल हो गए।
       
राय को बसपा के वरिष्ठ नेता और सांसद सतीशचन्द्र मिश्र ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। राय ने बसपा में शामिल होने के बाद कहा कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) का सपा में हुए अपमान की वजह से उन्होंने पार्टी छोड़ी। राय बलिया सदर से विधायक हैं। वे मुलायम सिंह यादव के काफी करीब माने जाते थे। 
      
इससे पहले राज्य विधान परिषद के सदस्य अम्बिका चौधरी भी बसपा में शामिल हो चुके हैं। राय को बसपा ने बलिया सदर सीट से उम्मीदवार भी घोषित कर दिया। 
      
गौरतलब है कि राय अखिलेश यादव मंत्रिमंडल में मंत्री थे लेकिन गत 23 अक्टूबर को मुख्यमंत्री ने उन्हें शिवपाल सिंह यादव, ओमप्रकाश सिंह और शादाब फातिमा के साथ मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया था। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें